जमशेदपुर : मानगो नगर निगम द्वारा कचरा निष्पादन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। निगम के कर्मचारियों ने शुक्रवार को डिमना रोड के घरों से 119 टन कचरा उठाया और उसे नियत स्थान पर डंप किया। यह जानकारी जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने “एक्स” (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की है। सरयू राय ने “एक्स” पर लिखा है “मानगो में कचरा उठाव जारी है। आज 119 टन कचरा उठाकर नियत स्थान पर डंप किया गया है।
अगले दो दिनों में पूरे मानगो के क्षेत्रों से कचरा उठा लिया जाएगा।” साथ ही उन्होंने आदित्यपुर के कांग्रेसी नेताओं पर आरोप लगाया कि उनके विरोध के कारण मानगो का कचरा आदित्यपुर में डंप नहीं हो सका।
विधायक ने कहा है कि यदि आदित्यपुर के कांग्रेसी नेताओं ने कचरा डंपिंग का विरोध नहीं किया होता तो मानगो से अब तक पूरा कचरा हटा लिया गया होता। उन्होंने यह भी सवाल किया कि आदित्यपुर के कांग्रेसी नेताओं ने किसकी शह पर कचरा डंपिंग का विरोध किया।
गौरतलब है कि गुरुवार को विधायक सरयू राय ने अपनी बात रखते हुए कहा था कि एनजीटी का आदेश लागू नहीं करने और मानगो नगर निगम के कचरा निष्पादन के लिए जगह चिन्हित नहीं करने के लिए जिम्मेदार व्यक्ति केवल बन्ना गुप्ता हैं।
राय ने यह भी आरोप लगाया कि अब बन्ना गुप्ता अपनी जिम्मेदारी से बचने के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रचार का साधन जुटा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मानगो नगर निगम क्षेत्र में कचरा समस्या का हल न निकालने के लिए बन्ना गुप्ता को जनता से माफी मांगनी चाहिए।