रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी की उपस्थिति में मंगलवार को रांची स्थित कांग्रेस भवन में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दरबार में 40 लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें स्वास्थ्य, भूमि विवाद, स्थानांतरण, नौकरी और अन्य कई मुद्दे शामिल थे।
मंत्री इरफान अंसारी ने दिये त्वरित समाधान के निर्देश
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने तुरंत अधिकारियों से संपर्क किया और हर मामले का समाधान निकालने का आदेश दिया। जनता दरबार में आने वाले मामलों में स्वास्थ्य से संबंधित आठ, जमीन विवाद के तीन, थाना विवाद के दो, स्थानांतरण के दो, नौकरी के सात और अन्य विभागीय कार्यवाही संबंधित मामले शामिल थे। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि इन समस्याओं का समाधान जल्द ही किया जाएगा।
कांग्रेस का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान
जनता दरबार के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य लोगों की जीवनशैली को सरल बनाना है। इसके लिए जनता दरबार की पहल की गई है, ताकि जनता के मुद्दों का तत्काल समाधान हो सके। महतो ने यह भी कहा कि अगर महागठबंधन सरकार का यह प्रयास सही दिशा में काम करता है, तो झारखंड तेजी से प्रगति करेगा।
स्वास्थ्य मंत्री की विशेष पहल
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर, सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करना चाहती है। उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए स्वास्थ्य विभाग कई कदम उठा रहा है और अगले एक सप्ताह में इसका असर दिखने लगेगा। इन्होंने बताया कि झारखंड में एचएमवीपी (HMVP) वायरस का कोई प्रकोप नहीं है, और विभाग इसका प्रभावी तरीके से मुकाबला करने के लिए तैयार है। उन्होंने यह आश्वासन दिया कि अगले कुछ दिनों में स्वास्थ्य सेवा में व्यापक सुधार दिखाई देगा।
Read Also: बाबूलाल मरांडी का बड़ा आरोप, झामुमो और कांग्रेस कर रहे हैं जनता से धोखा