Home » Jharkhand Crime : शर्मसार हो रहा झारखंड, यहां हर दिन 5 महिलाओं के साथ हैवानियत

Jharkhand Crime : शर्मसार हो रहा झारखंड, यहां हर दिन 5 महिलाओं के साथ हैवानियत

by Suhaib
jharkhand Crime
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now
  • जनवरी से लेकर अक्टूबर 2024 तक 1326 मामले आए समाने
  • कई मामलों में लोक-लाज के डर से मौत को लगाया गया गले
  • ज्यादातर मामलों में आरोपियों को पुलिस कर लेती है गिरफ्तार
  • कड़ी कानूनी व्यवस्था के बावजूद नहीं रुक रहीं घटनाएं
  • जून में सबसे ज्यादा दुष्कर्म के 185 मामले, जबकि जनवरी में 100
  • समाज में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठा बड़ा सवाल
  • दुष्कर्म के साथ-साथ यौन शोषण से भी जुड़े हैं ये आंकड़े
  • ऐसे मामलों की लिस्ट बहुत लंबी, सामाजिक वजह से दब जाते हैं कई केस

रांची : झारखंड में बेटियों की सुरक्षा के लिए पुलिस हर जरूरी कदम उठा रही है। इसके बावजूद महिलाओं की सुरक्षा चिंता का सबब बनी हुई है। सख्त कानून और पुलिस के नए-नए तरीकों के बावजूद बेटियों को निशाना बनाने में बदमाश सफल साबित हो रहे हैं। आज हम बात कर रहे हैं राज्य में महिलाओं के साथ हो रहे दुष्कर्म पर। यहां हर दिन पांच महिलाओं की अस्मत लूटी जा रही है। आंकड़ों के अनुसार, झारखंड में 10 महीनों में 1326 महिलाओं को हैवानों ने अपना शिकार बनाया। यह आंकड़े स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एससीआरबी) ने जारी किए हैं। यह डराने वाली स्थिति है। महिलाओं की सुरक्षा पर एक बड़ा सवाल है। आंकड़ों के अनुसार, झारखंड में जनवरी 2024 से लेकर अक्टूबर 2024 तक 1326 महिलाओं की अस्मत लूटी जा चुकी है। सबसे ज्यादा घटनाएं जून 2024 में हुईं। इस महीने 185 महिलाओं को टारगेट किया गया। जनवरी माह में 100 महिलाओं फिर दुष्कर्म के मामले सामने आए। हालांकि ये आंकड़े दुष्कर्म के साथ-साथ शादी का झांसा देकर यौन शोषण से भी जुड़े हैं।

किस माह कितनी घटनाएं

जनवरी – 100
फरवरी – 110
मार्च – 128
अप्रैल – 140
मई – 131
जून – 185
जुलाई – 143
अगस्त – 117
सितंबर – 142
अक्टूबर – 130
कुल – 1326

कानूनी सख्ती के बाद भी असर नहीं

दुष्कर्म के मामले में सख्त कानून बनाए गए हैं। गिरफ्तारी, स्पीडी ट्रायल, कड़ी से कड़ी सजा के बावजूद झारखंड में हर दिन 4 महिला दुष्कर्म की शिकार हो रही हैं। ये सरकारी आंकड़ो के अनुसार है। ऐसे घटनाओं की लिस्ट बहुत लंबीहै। कई मामलों को लोक-लाज की वजह से दबा दिया जाता है। कई ऐसे मामले भी समाने आएं हैं, जहां महिलाएं हादसे के बाद मौत को गले लगा लेतीं हैं। इधर, पुलिस भी इन हैवानों के खिलाफ सख्त एक्शन लेती है। आरोपियों को फौरन गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज देती है।

45 दिनों के अंदर दाखिल करें चार्जशीट

पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसएसपी व एसपी को यह निर्देश दिया है कि यौन शोषण व दुष्कर्म के मामले में 30 दिनों में जांच पूरी कराएं। इसके बाद केस के सुपरविजन के बाद 45 दिनों के अंदर कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करने का आदेश है। फिर पुलिस मामले की स्पीडी ट्रायल के लिए अदालत से आग्रह करेगी, ताकि दोषियों को शीर्घ सजा मिल सके।

क्या है सजा का प्रावधान

भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 70(1) कहती है कि अगर कोई 12 वर्ष से कम उम्र की बच्ची के साथ दुष्कर्म करता है, तो उसे उम्रकैद तक की सजा हो सकती है। इसमें फांसी की सजा का भी प्रावधान है। अगर किसी के साथ सामूहिक दुष्कर्म होता है, तो सभी दोषियों को उम्रकैद की सजा हो सकती है। अगर कोई बार-बार इस मामले में दोषी पाया जाता है, तो उसे कम से कम उम्रकैद की सजा होगी। अगर कोई व्यक्ति शादी, रोजगार या प्रमोशन का झूठा वादा करके यौन संबंध बनाता है, तो इसमें 10 साल तक की सजा का प्रावधान है।

अगर कोई व्यक्ति अपनी पहचान छिपाकर विवाह करता है, तो उसे 10 साल की सजा का प्रावधान है। अगर दुष्कर्म के बाद पीड़ित की जान चली गई या वह कोमा जैसी स्थिति में चली जाती है, तो दोषी को कम से कम 20 साल की सजा होगी। इस सजा को बढ़ाकर उम्रकैद या मौत की सजा में भी बदला जा सकता है। इसके अलावा सभी मामलों में जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

2024 में दुष्कर्म की प्रमुख घटनाएं

पलामू की मासूम से गुजरात में हैवानियत

18 दिसंबर 2024 को गुजरात के भरूच में हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गईं। यहां झारखंड के पलामू जिले की रहने वाली 09 साल की नाबालिग के साथ विजय कुमार नामक युवक ने गंदा काम किया। इसमें नाबालिग की मौत हो गई। एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

4 साल की बच्ची के साथ घटना

23 दिसंबर 2024 को झारखंड के गिरिडीह जिले के बगोदर में एक 4 साल की बच्ची के साथ गंदी घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बच्ची से दुष्कर्म करने वाला उसी के गांव का है।

धनबाद में मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म

22 दिसंबर 2024 को धनबाद में एक मूक-बधिर महिला के साथ दुष्कर्म की घटना हुई। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपी के घर में आग लगा दी थी।

स्पेन की महिला से सामूहिक दुष्कर्म

02 मार्च 2024 को दुमका में हुई एक घटना ने पूरे देश में झारखंड को शर्मसार कर दिया। यहां एक स्पेन की एक महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। महिला अपने पति के साथ बाइक से विश्व भ्रमण पर निकली थी।

नाबालिग के साथ दुष्कर्म

12 अक्टूबर 2024 को गोड्डा में एक आदिवासी किशोरी के साथ तीन युवकों ने दुष्कर्म किया था। किशोरी मेला देखकर घर लौट रही थी। इस दौरान तीन युवकों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने तीन हैवानों को गिरफ्तार किया था।

गढ़वा में चलती कार में छात्रा से दुष्कर्म

26 अक्टूबर 2024 को गढ़वा के रंका थाना क्षेत्र में एक इंटर की छात्रा के साथ दुष्कर्म हुआ। यहां आरोपियों ने चलती कार में घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी और कार चालक को अरेस्ट कर सलाखों के पीछे भेज दिया।

जमशेदपुर में नर्सरी की छात्रा से गंदा काम

अगस्त 2024 में जमशेदपुर में एक नर्सरी की छात्रा से एक साथ स्कूल वैन के चालक ने गंदा काम किया। मासूम की मां ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई थी। घटना शहर के मानगो इलाके में हुई थी। इस मामले में भी पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया था।

Read Also- Giridih Road Accident : गिरिडीह में दो सड़क हादसों में गई दो युवकों की जान

Related Articles