रांची :भारत महर्षि संतों का देश है और यह हमारा सौभाग्य है कि भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास’ के सिद्धांत के साथ देश को विश्व गुरु बनाने की दिशा में अग्रसर हैं। संत शिरोमणि रविदास महाराज जी की प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा रविवार को आयोजित कार्यक्रम में लोगों को संबोधित किया।
इस कार्यक्रम का आयोजन संत रविदास जी की 648वीं जयंती के अवसर पर किया गया। संजय सेठ ने कहा कि संत रविदास महाराज ने जात-पात, छुआ-छूत, ऊंच-नीच जैसी सामाजिक बुराईयों को नकारते हुए इंसानियत के साथ समाज और देश को एक करने की प्रेरणा दी।
योजनाओं ने समाज की दूरी घटाई
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा चलाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत, उज्जवला योजना, शौचालय निर्माण आदि ने समाज में बन रही दूरियों को कम करने का प्रयास किया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी द्वारा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के कार्य की सराहना की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने कभी भी परिवारवाद को बढ़ावा नहीं दिया और हमेशा देश के 140 करोड़ नागरिकों को अपना परिवार माना है।
पार्टी समाज को जोड़ने की कड़ी
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय ने कहा कि पार्टी समाज के हर वर्ग को जोड़ने के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि संत रविदास जी के जीवन से प्रेरित होकर हम सभी को अपने जीवन में उनके संदेशों को उतारने की आवश्यकता है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने बताया कि संत रविदास जी ने चर्मकार का कार्य करते हुए यह साबित किया कि अगर मन में भक्ति और लगन हो, तो कोई भी व्यक्ति संत शिरोमणि बन सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि संत रविदास जी की लोकप्रियता से घबराए सिकंदर लोदी ने उन्हें धर्म बदलने का दबाव डाला, लेकिन उन्होंने कभी धर्म परिवर्तन नहीं किया। यह हमारे सनातन धर्म की महानता को दर्शाता है।
संदेश को आत्मसात करने पर जोर
कार्यक्रम में कांके के पूर्व विधायक जीतू चरण राम ने संत रविदास जी के संदेश को आत्मसात करने की आवश्यकता पर जोर दिया। देवघर के पूर्व विधायक नारायण दास ने भी कहा कि यह समाज और देश संतों का दिया हुआ अमूल्य धरोहर है, जिसे हमें संजोकर रखना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष किशुन दास ने संत रविदास जी के जीवन और उनके विचारों की प्रासंगिकता पर बल दिया।
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और समाज के विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित थे। अंत्योदय संकल्प पत्रिका का पुनर्विमोचन भी किया गया। इस पत्रिका का संपादन रविनाथ किशोर द्वारा किया गया और यह अंक भारतीय संविधान के 75 वर्षों की गौरवमयी यात्रा और संविधान निर्माता बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर को समर्पित था।