गढ़वा/लातेहार/पलामू। झारखंड पुलिस ने राज्य के तीन प्रमुख जिलों – गढ़वा, लातेहार और पलामू – में अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 68 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जोनल आईजी सुनील भास्कर के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान (स्पेशल ड्राइव) के तहत की गई।
इस अभियान के दौरान कुल 171 वारंट निष्पादित किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से 27 आरोपी गंभीर अपराध जैसे हत्या, डकैती, बलात्कार और लूटपाट से जुड़े मामलों में वांछित थे, जबकि 41 आरोपी अन्य आपराधिक मामलों में फरार चल रहे थे।
पुलिस ने जानकारी दी है कि यह विशेष ड्राइव अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। तीन जिलों में एक साथ समन्वित रूप से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने कई स्थानों पर छापेमारी की और फरार आरोपियों को धर दबोचा।
इसके अलावा, तीन आरोपियों के खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई भी की गई है। यह आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे और बार-बार समन भेजे जाने के बावजूद कोर्ट में पेश नहीं हो रहे थे। पुलिस ने इन आरोपियों के घर पर छापा मारकर उनकी संपत्ति को जब्त किया।
जोनल आईजी सुनील भास्कर ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और फरार चल रहे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने तीनों जिलों की पुलिस टीम को इस सफल अभियान के लिए बधाई दी।
इस व्यापक अभियान के चलते आम लोगों में पुलिस की सख्ती को लेकर चर्चा है, वहीं आपराधिक तत्वों में डर का माहौल पैदा हुआ है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था और मजबूत होगी।