RANCHI (JHARKHAND): प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मंगलवार को जनता की समस्याएं सुनने के लिए स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने जनता दरबार लगाया। इस दौरान बड़ी संख्या में राज्यभर से आए लोग अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर मंत्री से मिले। उन्होंने 97 लोगों की समस्याएं सुनी और कई मामलों का आन स्पॉट निदान किया गया। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि जनता दरबार में स्वास्थ्य, रोजगार, राशन कार्ड, आपदा प्रबंधन, भूमि विवाद, स्थानांतरण, पेयजल, थाना संबंधी और आपूर्ति विभाग से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से सामने आईं। भूमि विवाद के सबसे अधिक 22 मामले सामने आए। वहीं राशन कार्ड और इलाज से संबंधित 13-13 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के 5, आपूर्ति विभाग 12, रोजगार 7, आपदा प्रबंधन 8, स्थानांतरण 7 सहित कई विभागों से जुड़े अन्य विषयों पर भी लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। इस मौके पर कांग्रेस नेता विनय सिन्हा दीपू, राजेश सिन्हा सन्नी, राजन वर्मा, जगदीश साहू, नरेंद्र लाल गोपी और राजीव चौधरी चिंटू भी उपस्थित थे।
थाना प्रभारी को लगाई फटकार
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जहां भी रहूं, जनता दरबार लगाना मेरी प्राथमिकता है। उन्होंने कई अधिकारियों को फोन पर फटकार लगाते हुए कहा कि जनता को अनावश्यक सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। हटिया निवासी आदिवासी महिला पुष्पा कच्छप की बाइक जब्त किए जाने और पैसे की मांग की शिकायत पर स्वास्थ्य मंत्री ने जगन्नाथपुर थाना प्रभारी को फटकारते हुए कहा कि ये आदिवासियों का राज्य है, इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। दरबार में इलाज के लिए कई लोगों को आर्थिक सहायता दी गई और स्वास्थ्य विभाग को जरुरतमंदों को मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
जनता की समस्याओं को दे प्राथमिकता
स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही फोन के माध्यम से निर्देश दिए तथा कई मामलों में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए और कार्य की प्रगति से अवगत भी कराया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनहित में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कई जिलों से आए फरियादी
जनता दरबार में रांची के अलावा गुमला, धनबाद, पलामू, चतरा, गिरिडीह, हजारीबाग और खूंटी जैसे जिलों से भी लोग पहुंचे थे। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जमीन संबंधी मामलों की संख्या सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि कई सीओ की शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं जो जमीन माफियाओं को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने ऐसे अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे जनहित में कार्रवाई करें और पारदर्शिता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि लगभग 90 प्रतिशत समस्याओं का समाधान कर दिया गया है, जबकि कुछ तकनीकी मामलों का भी शीघ्र हल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़ी हुई पार्टी है और महागठबंधन की सरकार जनता की सरकार है।
बीजेपी पर साधा निशाना
भाजपा पर निशाना साधते हुए मंत्री ने कहा कि उन्होंने राज्य की व्यवस्था को नष्ट कर दिया है और झारखंड के विकास में उनका कोई योगदान नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड पर भाजपा का कोई अधिकार नहीं है, यह राज्य हमारी सरकार का है। हम इसे विकास की दिशा में आगे बढ़ाएंगे।