रांची : झारखंड में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण बीते कुछ दिनों तक सुबह-शाम महसूस की जा रही कड़ाके की ठंड अब कमजोर पड़ गई है। अब यहां का मौसम शुष्क हो गया है। यह सिलसिला दो से तीन दिनों तक जारी रहेगा। इन दिनों राज्य में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं दिख रही है। वहीं दूसरी ओर दोपहर के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी, जबकि सुबह और रात के समय गुलाबी ठंड का एहसास होगा।

रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा था कि गत गुरुवार को चार जिलों में बारिश होगी, लेकिन बारिश नहीं हुई हल्के बादल छाए रहे हैं। इसके साथ ही विभाग ने बताया है कि आगामी तीन और चार फरवरी को राज्य के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
Jharkhand Temperature Update : इन जिलों में सुबह-शाम हल्की ठंड
पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार और लोहरदगा में ठंड की स्थिति बनी रहेगी। इन इलाकों में सुबह और शाम हल्की ठंड का अहसास हो सकता है। इन जिलों में अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। इसके साथ ही सुबह के समय हल्का कोहरा भी देखने को मिल सकता है ।
Jharkhand Weather Forecast : इन जिलों के तापमान में बढ़ोतरी
दक्षिणी झारखंड के जिलों जैसे पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में रहने वाले लोगों को दोपहर में तेज धूप के कारण हल्की गर्मी का एहसास होगा।
सिमडेगा में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस बना रहेगा।
जानें राजधानी में कैसा रहेगा आज का मौसम
राजधानी रांची की बात करें तो यहां मौसम संतुलित बना रहेगा। सुबह और शाम हल्की ठंड रहेगी, लेकिन दोपहर में हल्की गर्मी महसूस हो सकती है।
इन जिलों में आसमान रहेगा साफ
उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों जैसे देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में मौसम साफ रहेगा। इन जिलों में सुबह और शाम के समय हल्की ठंड और दोपहर में तेज धूप देखने को मिलेगी।

