दुमका : झारखंड के दुमका जिले के हंसडीहा थाने की पुलिस ने रविवार की सुबह चोरबटिया गांव में पत्थर खदान के समीप एक महिला का शव बरामद किया। महिला के शरीर पर गोलियों के तीन निशान मिले हैं। मृतका की पहचान शहर के रसिकपुर में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली मनीषा जायसवाल के रूप में हुई है। महिला के पति विनोद कुमार ने शव की शिनाख्त की। पुलिस हत्या का कारण जानने का प्रयास कर रही है।
सुबह शव देखने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी राेहित कुमार मौके पर पहुंचे। शव कब्जे में लेकर छानबीन की। महिला के हाथ में सोने का कंगन और शव के समीप सोने का ही मंगलसूत्र पड़ा हुआ था, जबकि उसका मोबाइल गायब था। पुलिस ने महिला के बैग की तलाशी ली, तो उसे विनोद कुमार का नंबर लिखा हुआ मिला।
पुलिस ने नंबर पर काल कर विनोद को थाना बुलाया तो उसने पत्नी के रूप में शव की शिनाख्त की। बताया कि महिला उसकी पत्नी है, लेकिन दो साल से दोनों अलग रह रहे थे। उसका एक बेटा और बेटी विनोद के साथ ही रहते हैं। महिला शहर के रसिकपुर में ब्यूटी पार्लर चलाया करती थी। पति ने बताया कि महिला का चाल चलन ठीक नहीं था। उससे अलग होने के बाद वह बिहार के एक मुखिया व दबंग प्रकाश मंडल के साथ रहती थी।
प्रकाश का हंसडीहा व सरैयाहाट में डीजल का अवैध डिपो हैं। थाना प्रभारी का कहना है कि महिला की कहीं और हत्या करने के बाद शव में पत्थर बांधकर खदान के पानी में फेंकने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी कारण शव पानी की बजाय खुले मैदान में गिर गया। शरीर पर गोलियों के तीन निशान साफ दिख रहे हैं। हत्या के कारण और हत्यारों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।