लोहरदगा : जिले के कुडू थाना क्षेत्र के मकांदू गांव स्थित बालाजी कंस्ट्रक्शन क्रेशर में लेवी के लिए आगजनी, मजदूरों के साथ मारपीट और हवाई फायरिंग करने सहित दो अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे टीएसपीसी के हार्डकोर उग्रवादी को कुडू थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार उग्रवादी को मीडिया के समक्ष प्रस्तुत करते हुए एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि कुडू थाना में विगत 21 फरवरी 2022 को दर्ज कांड संख्या 20/22 और विगत 2 मार्च 2022 को कुडू थाना में दर्ज कांड संख्या 25/22 के मामले के उद्भेदन के लिए कुडू थाना प्रभारी विश्वजीत कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक जोसीना हेंम्ब्रम, सहायक अवर निरीक्षक प्रेम प्रकाश, आरक्षी आशुतोष कुमार सिंह और राजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया था।
पुलिस की टीम इस मामले में कई उग्रवादियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, परंतु लातेहार जिले के चंदवा थाना अंतर्गत हेसालोंग गांव निवासी बिरत गंझू उर्फ धीरत गंझू के पुत्र हरखमन गंझू की तलाश पुलिस लगातार कर रही थी। हरखमन गंझू पुलिस को लगातार चकमा देकर फरार हो जा रहा था।
READ ALSO : झारखंड के हजारीबाग में बड़ा हादसा: बाइक को टक्कर मारने के बाद टाटा सूमो कुएं में गिरा, 6 लोगों की मौत
इसी बीच कुडू थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली की हरखमन अपने हेसालोंग गांव स्थित घर आया हुआ है। जिसके बाद पुलिस की टीम ने छापेमारी कर हरखमन को उसके घर से धर दबोचा है।
पूछताछ में उसने पुलिस को कई अहम जानकारियां दी है। जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। हरखमन की गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है। पूछताछ में उसने दोनों घटनाओं में अंतरलिप्तता स्वीकार करने के साथ-साथ अन्य सहयोगियों का नाम भी बताया है। जिनकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।