सेंट्रल डेस्क। दिल्ली के भारत मंडपम में इन दिनों इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2024 (IITF) चल रहा है। जहां देश भर से लोगों की भीड़ एकत्रित हो रही है। यहां कई लोगों ने अपना-अपना स्टॉल लगाया है। आज यानि 27 नवंबर को मेले का समापन होगा। मेले से चोरी की खबर आई है और क्या चोरी हुई है, यह जानकर आप दंग रह जाएंगे।
5 करोड़ साल पुराना सामान हुआ चोरी
यहां भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण विभाग ने भी अपना स्टॉल लगाया है। अब इस स्टॉल से चोरी की खबर आई है। एक गैस्ट्रोपॉड जीवाश्म की चोरी की गई है। अब गैस्ट्रोपॉड जीवाश्म क्या होता है, तो यह पुराने घोंघे के संरक्षित अवशेष होते है। अब सवाल यह है कि आखिर चोर ने घोंघे का खोल चुराया क्यों। घोंघे का खोल किसी आम सामान की तरह नहीं था, वह 5 करोड़ साल पुराना था। जिसका ऐतिहासिक महत्व बेहद ज्यादा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
1 किलो था घोंघे के खोल का वजन
चोरी के बाग भूवैज्ञानिक विभाग ने पुलिस को सूचित किया। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने बताया कि 21 नवंबर को हॉल नंबर 4 से चोरी की सूचना मिली। सूचना के बाद मंडप और हॉल के आसपास के 100 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। भूवैज्ञानिक विभाग के स्टाफ ने बताया कि गैस्ट्रोपॉड जीवाश्म का वजन एक किलोग्राम था और इसकी लंबाई 14 सेमी, चौड़ाई 10 सेमी और ऊंचाई 12 सेमी थी।
नोएडा से धराया चोर
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आरोपी को नोएडा में ट्रैक किया औऱ इसके बाद पुलिस की टीम नोएडा के सेक्टर 22 पहुंच गई। वहीं से 49 साल के मनोज कुमार मिश्रा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की सख्त पूछताछ के बाद आरोपी ने चोरी की बात स्वीकारी है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी हुए सामान को भी बरामद कर लिया है। साथ ही पुलिस को आरोपी के पास से 21 नवंबर के ट्रेड फेयर का टिकट भी मिला है।
ऊंचे दामों में बेचने के इरादे से
चुराया जीवाश्मआरोपी को पकड़ने के बाद पुलिस ने बताया कि आरोपी नोएडा के एक फाइव स्टार होटल में कार्यरत है और अलग-अलग आर्टफॉर्म्स में उसकी खासा रुचि है। इसलिए हर बार व्यापार मेले में आता है। आरोप के अनुसार, आरोपी ने स्टॉल से जीवाश्म को ऊंचे दामों पर बेचने के लिए चुराया था। उसके पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की गई, जिसमें कुछ भी पता नहीं चला।