Home » Jharkhand Assembly Election 2024: भाजपा में लगी इस्तीफे की झड़ी, कई पुराने कार्यकर्ता हुए बागी

Jharkhand Assembly Election 2024: भाजपा में लगी इस्तीफे की झड़ी, कई पुराने कार्यकर्ता हुए बागी

उन्होंने तो पत्र में यहां तक लिख दिया है कि अब पार्टी में बाहर से आए लोगों की मनमानी चल रही है।

by Anand Mishra
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now


जमशेदपुर : भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से झारखंड विधानसभा चुनाव-2024 के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने के बाद जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान में इस्तीफे का सिलसिला शुरू हो गया है। बीती शाम भाजपा उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने के कुछ ही देर बाद पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को त्यागपत्र भेज दिया।

उसके बाद सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से खुद को टिकट का प्रबल दावेदार बता रहे और दो बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ चुके गणेश महाली ने इस्तीफा दे दिया। उन्होंने तो पत्र में यहां तक लिख दिया है कि अब पार्टी में बाहर से आए लोगों की मनमानी चल रही है। वहीं सरायकेला-खरसावां जिला के ही भाजपा नेता बास्को बेसरा, पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय समेत अन्य ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता समेत सभी जिम्मेदारियों से इस्तीफा दे दिया है।

जमशेदपुर में कई निर्दलीय लड़ने की तैयारी में

दूसरी ओर जमशेदपुर में कई भाजपाई अपनी ही पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट गए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार इन्होंने पहले से ही तैयारी कर रखी थी कि यदि उन्हें टिकट नहीं मिला, तो वे निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे। बताते हैं कि जमशेदपुर पश्चिमी से नीरज सिंह, विकास सिंह समेत अन्य कई नेताओं ने भाजपा से टिकट के लिए दावेदारी की थी। लेकिन यह सीट जदयू के खाते में जाने के बाद सभी की उम्मीदें खत्म हो गयीं।

इसके बाद से विकास सिंह ने तो नामांकन पत्र खरीद लिया है, वहीं नीरज सिंह अगले एक-दो दिन में नामांकन पत्र खरीदने की तैयारी में हैं। इसके अलावा दावेदारों में शामिल पूर्व डीआईजी राजीव रंजन सिंह व अन्य के बारे में फिलहाल कोई कुछ नहीं बता रहा है। वहीं, जमशेदपुर पूर्वी से भाजपा नेता शिवशंकर सिंह ने निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए ताल ठोक दिया है। शिवशंकर सिंह आरएसएस के सक्रिय स्वयंसेवक भी हैं।

विकास सिंह ने खुद को बताया भाजपाई

जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा के लिए नामांकन पत्र खरीद चुके विकास सिंह चुनाव तो निर्दलीय लड़ेंगे, लेकिन उन्होंने खुद को असली भाजपाई बताया है। उन्होंने कहा है कि उनकी लड़ाई किसी अन्य प्रत्याशी से नहीं, बल्कि मौजूदा विधायक सह मंत्री बन्ना गुप्ता से है।

पोटका में मीरा मुंडा के खिलाफ नारेबाजी

पूर्वी सिंहभूम जिले की पोटका विधानसभा सीट से पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री रहे अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा को भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने पर क्षेत्र के कार्यकर्ताओं में विरोध के स्वर फूटने लगे हैं। रविवार को कार्यकर्ताओं ने एकजुट हो कर ‘भाजपा की मनमानी नहीं चलेगी’, ‘गो बैक मीरा मुंडा’ आदि नारे लगाए। उन्होंने अपनी ही पार्टी पर मनमानी का आरोप भी लगाया।

24 को आ सकते हैं हिमंता बिस्वा सरमा

भाजपा सूत्रों के अनुसार आगामी 24 अक्टूबर को भाजपा के झारखंड प्रदेश सह चुनाव प्रभारी व असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा जमशेदपुर आ सकते हैं। हालांकि पार्टी की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। लेकिन, बताया जाता है कि वह यहां जमशेदपुर पश्चिमी से जदयू प्रत्याशी सरयू राय समेत घटक दल के प्रत्याशियों के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

चूंकि जमशेदपुर पश्चिमी में जदयू का कोई जनाधार नहीं है। इसलिए सरमा यहां नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रचार अभियान में सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित करेंगे, ताकि चुनाव में इस सीट पर एनडीए के घटक दल जदयू प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित की जा सके।

Read Also- झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 : BJP में भगदड़ का सिलसिला, मेनका के बाद गणेश महाली ने दिया इस्तीफा, अब पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय भी कर सकते हैं Bye-Bye

Related Articles