Home » झारखंड में AAP का नया दांव: शिवचरण गोयल को बनाया गया प्रदेश प्रभारी, मनीष सिंह सह प्रभारी

झारखंड में AAP का नया दांव: शिवचरण गोयल को बनाया गया प्रदेश प्रभारी, मनीष सिंह सह प्रभारी

Jharkhand Politics: केजरीवाल की नजर अब झारखंड पर, संगठन को दी जा रही नई ऊर्जा.

by Reeta Rai Sagar
Arvind Kejriwal focuses on strengthening AAP in Jharkhand
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

New Delhi: दिल्ली की सत्ता गंवाने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने अब झारखंड में पार्टी को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। इस रणनीति के तहत पार्टी ने शनिवार को बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए पूर्व विधायक शिवचरण गोयल को झारखंड का प्रदेश प्रभारी और मनीष सिंह को सह प्रभारी नियुक्त किया है।


“झारखंड में पार्टी को मिलेगी नई ऊर्जा” – प्रभात शर्मा

इस नियुक्ति की जानकारी देते हुए आम आदमी पार्टी के झारखंड प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रभात शर्मा ने कहा कि पार्टी राज्य में नया उत्साह, सशक्त नेतृत्व और जमीनी बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शिवचरण गोयल एक अनुभवी और दूरदर्शी नेता हैं, जिन्होंने पार्टी के मूल्यों – ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा – को अपने राजनीतिक जीवन का आधार बनाया है। उनकी लोकप्रियता और रणनीतिक समझ झारखंड में संगठन को नई दिशा देने में सहायक होगी।


प्रभात शर्मा ने कहा कि सह प्रभारी मनीष सिंह झारखंड की सामाजिक-सांस्कृतिक पृष्ठभूमि को भलीभांति समझते हैं। उनकी सक्रियता, स्थानीय जुड़ाव और युवा ऊर्जा संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय और सशक्त बनाएगी।


जल्द झारखंड दौरे पर आएंगे प्रभारी और सह प्रभारी

AAP मीडिया प्रभारी ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में शिवचरण गोयल और मनीष सिंह झारखंड का दौरा करेंगे और संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करेंगे। पार्टी का लक्ष्य राज्य की जनता को भ्रष्टाचार मुक्त, विकासोन्मुखी और न्यायसंगत शासन देना है।

उन्होंने कहा कि झारखंड की प्रमुख समस्याएं जैसे – आदिवासी अधिकारों की रक्षा, प्राकृतिक संसाधनों का न्यायपूर्ण वितरण, शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार, रोजगार सृजन और ग्रामीण विकास – पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। आम आदमी पार्टी इन मुद्दों को लेकर जनता की आवाज बनकर उभरेगी।

झारखंड में अब तक फीका रहा है AAP का प्रदर्शन

गौरतलब है कि झारखंड में अब तक आम आदमी पार्टी का प्रदर्शन बेहद सीमित रहा है। बुरारी विधायक संजीव झा से लेकर दुर्गेश पाठक तक को राज्य में संगठन मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन पार्टी अब तक राज्य में अपनी मजबूत पकड़ नहीं बना सकी है।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि शिवचरण गोयल और मनीष सिंह की नई टीम झारखंड में कितनी मजबूती के साथ संगठन को पुनर्गठित कर पाती है और पार्टी को नया विस्तार देती है।

Also Read: RANCHI POLITICAL NEWS: कांग्रेस प्रदेश महासचिव ने बोला हमला, प्रधानमंत्री का रोजगार मेला युवाओं के साथ छलावा

Related Articles