लुधियाना : पंजाब के लुधियाना पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के विधायक गुरप्रीत गोगी को शुक्रवार देर रात गोली लग गई। उनके परिवार के सदस्यों का कहना है कि उन्होंने गलती से खुद को ही गोली मार ली और गोली उनके सिर में लग गई।
58 वर्षीय विधायक को दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना देर रात करीब 12 बजे की है। हालांकि पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनकी मौत के आधिकारिक कारण का पता लगाया जाना बाकी है।
अस्पताल ने किया मृत घोषित
मीडिया से बात करते हुए, पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) जसकरण सिंह तेजा ने कहा, ‘परिवार के सदस्यों के अनुसार, उन्होंने गलती से खुद को गोली मार ली और उनके सिर में गोली लग गई। गुरप्रीत गोगी को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, उनके शव को डीएमसी अस्पताल के शवगृह में रखा गया है’।
इसके अतिरिक्त, डीसीपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। अधिकारियों के अनुसार यह घटना आधी रात के आसपास हुई और डीएमसी अस्पताल पहुंचने पर विधायक को मृत घोषित कर दिया गया।
डीसीपी जसकरण सिंह ने कहा कि आगे की जांच चल रही है। गोगी 2022 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे और लुधियाना विधानसभा चुनाव के दौरान दो बार के कांग्रेस विधायक भारत भूषण आशु को हराया था।