रांची : अगर आप भी रांची में रहते है और शादी हो गई है तो रजिस्ट्रेशन कराने के लिए अब टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। रांची नगर निगम ने इसकी शुरुआत कर दी है। वहीं लोग अपनी शादियों का रजिस्ट्रेशन भी करा रहे है। बस कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट्स और गवाह के साथ आप नगर निगम में आवेदन कर सकते है। जरूरी प्रक्रिया और वेरीफिकेशन के बाद आपको मैरिज सर्टिफिकेट जारी कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं इसके लिए आपको मात्र 150 रुपये खर्च करने होंगे। वहीं वेरीफिकेशन के लिए एकबार रांची नगर निगम गवाहों के साथ आना होगा। बता दें कि लोगों को मैरिज रजिस्ट्रेशन के लिए नगर निगम जागरूक करने का काम कर रहा है।
रजिस्ट्रार आफिस का नहीं लगाना होगा चक्कर
पहले रजिस्टर्ड मैरिज के लिए कोर्ट मैरिज ही आप्शन था। इसके लिए आवेदन और फिर रजिस्ट्रार आफिस के चक्कर। इसमें शादी कराने वाले वकील भी कमाई कर लेते थे। लेकिन अब शादी के बाद लोग रांची नगर निगम में अपनी शादी रजिस्टर्ड करा सकते है। घर बैठे ही मैरिज रजिस्ट्रेशन के लिए आनलाइन आवेदन कर सकते है। ऐसे में लोग कोर्ट का चक्कर लगाने से बच जाएंगे। वहीं खर्च भी मामूली होगा। वेरीफिकेशन के बाद तत्काल उन्हें मैरिज सर्टिफिकेट जारी कर दिया जाएगा। कपल के पास यह एक वैलिड दस्तावेज हो जाएगा। बता दें कि अबतक रांची में सैकड़ों लोगों ने अपना मैरिज सर्टिफिकेट रांची नगर निगम से बनवा लिया है।
ये है जरूरी कागजात
दूल्हे का आधार कार्ड
दुल्हन का आधार कार्ड
दूल्हे का पासपोर्ट साइज फोटो
दुल्हन का पासपोर्ट साइज फोटो
दूल्हे का सिग्नेचर
दुल्हन का सिग्नेचर
लेटर पैड पर राजपत्रित अधिकारी का सिग्नेचर
कपल की शादी की तीन फोटो
3 गवाह का आधार
3 गवाह के सिग्नेचर
3 गवाह का पासपोर्ट साइज फोटो
ऐसे कर सकते हैं आवेदन
मैरिज सर्टिफिकेट के लिए पहले झारसेवा पोर्टल पर https://serviceonline.gov.in/, https://jharsewa.jharkhand.gov.in/ पर अपना रजिस्ट्रेशन करने के बाद लॉग इन करें। इसके बाद जरूरी डॉक्यूमेंट्स के साथ मैरिज रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट के लिए आवेदन कर सकते है। सभी डॉक्यूमेंट्स की फोटो भी एक-एक कर अपलोड करना है। सबमिट करने के बाद यह भी देख सकते है कि आपके आवेदन का क्या स्टेटस है। इसके लिए बार-बार नगर निगम की दौड़ लगाने की जरूरत भी नहीं है।