Home » Amarnath Yatra 2023: कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू से रवाना हुआ अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्थ, जाने कब तक चलेगी यात्रा, इसमें कैसे हो सकते हैं शामिल

Amarnath Yatra 2023: कड़ी सुरक्षा के बीच जम्मू से रवाना हुआ अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्थ, जाने कब तक चलेगी यात्रा, इसमें कैसे हो सकते हैं शामिल

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

जम्मू: बाबा बर्फानी का दर्शन करने के लिए जम्मू से अमरनाथ यात्रियों का पहला जत्था पवित्र गुफा की तरफ रवाना हो गया है। शुक्रवार सुबह 4.15 बजे पूजा अर्चना के बाद उप राज्यपाल व अमरनाथ श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा ने पहले जत्थे को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बाबा बर्फानी से सभी के लिए सुख समृद्धि व खुशहाली की कामना की।

यात्रा शुरू होने के दौरान आधार शिविर पूरी तरह भोले के रंग में रंगा गया। भक्त बाबा बर्फानी का जय घेष करते नजर आए। कड़ी सुरक्षा के बीच कश्मीर के लिए वाहनों का काफिला रवाना किया गया। जत्थे में शामिल यात्रि सबसे पहले बालटाल व पहलगाम के बेस कैंप पहुंचेंगे और शनिवार को वे वहां से पवित्र गुफा के लिए रवाना होंगे। मिली जानकारी के अनुसार इस जत्थे में करीब 1600 यात्रि शामिल हैं। ये भक्त करीब 3880 मीटर की ऊंचाई पर पहुंच कर अमरनाथ गुफा स्थित बाबा बर्फानी का दर्शन करेंगे।

इस बार है सुरक्षा पर विशेष ध्यान:

इस बार यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। भूस्खलन वाली जगहों से गुजरते वक्त पत्थरों से बचने के लिए हेलमेट दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही तीर्थ यात्रियों के काफिले को सुरक्षा कवर दिया गया है। पूरे इलाके पर सेना व पुलिस के जवानों का नियंत्रण है। श्रद्धालु शनिवार को पारंपरिक बालटाल और पहलगाम रूट से पवित्र गुफा की ओर बढ़ेंगे। इनके लिए शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी रखा गया था। प्रवेशद्वार लखनपुर से कश्मीर तक माहौल शिवमय बन गया है। प्रशासन ने जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यात्रियों के लिए कट ऑफ समय भी जारी किया है। पर्यटन विभाग के शेड्यूल के मुताबिक उधमपुर के टिकरी, चंद्रकोट व अन्य स्थानों पर जत्थे का स्वागत होगा। जत्थे की रवानगी के दौरान यात्रा रूट पर आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।

तत्काल पंजीकरण के लिए उमड़ रहे श्रद्धालु

अमरनाथ यात्रा के तत्काल पंजीकरण के लिए रेलवे स्टेशन जम्मू के पास सरस्वती धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। यहां बालटाल रूट के लिए 2189 टोकन जारी किए गए, जबकि पहलगाम रूट के लिए शुक्रवार को टोकन जारी करने की बात कही गई है। रेलवे स्टेशन के पास स्थित वैष्णवी धाम में टोकन के बाद 141 यात्रियों का तत्काल पंजीकरण किया गया।

अमरनाथ यात्रा कब तक चलेगी?

श्री अमरनाथजी यात्रा 1 जुलाई 2023 को शुरू होगी और 31 अगस्त 2023 को समाप्त होगी। इस वर्ष श्री अमरनाथजी यात्रा 62 दिनों की है।

अमरनाथ यात्रा में कितना समय लगता है?

पहलगाम से अमरनाथ गुफा की दूरी लगभग 36 से 48 किमी है और लगभग 3 से 5 दिनों (एक तरफ) में पूरी होती है। अधिकांश तीर्थयात्री इस मार्ग को पसंद करते हैं क्योंकि यह न केवल बालटाल की तुलना में थोड़ा आसान है बल्कि सुंदर भी है। इसलिए, यदि आपके साथ वरिष्ठ भक्त हैं, तो यह बेहतर मार्ग है।

अमरनाथ यात्रा के लिए आयु सीमा क्या है?

अमरनाथ यात्रा के लिए कुछ आयु प्रतिबंध भी हैं। अमरनाथ यात्रा में 13 वर्ष से कम या 75 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति भाग नहीं ले सकता है। 6 सप्ताह से अधिक गर्भवती महिलाओं के लिए अमरनाथ यात्रा पर प्रतिबंध है।

अमरनाथ गुफा से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें (Amarnath Dham Interesting facts)

अमरनाथ की गुफा में शिव जी जब देवी पार्वती को कथा सुनाने के लिए ले गए तब उन्होंने अपने गणों को अलग-अलग स्थान पर छोड़ दिया. नंदी को पहलगाम, चंद्रमा को चंदनवाड़ी, सर्प को शेषनाग नामक स्थान पर और पंचतरणी पर गंगा जी को छोड़ दिया था. कहते हैं अमरनाथ की यात्रा में आज भी ये स्थान मिलते हैं।
यहां गुफा की छत में एक दरार से पानी की बूंदों टपकती हैं जो ठंड के कारण जम जाती है लेकिन आश्चर्य की बात है कि ये स्वंय ही शिवलिंग का रूप ले लेती हैं।
:: अमरनाथ गुफा में स्थित पार्वती जी का शक्तिपीठ है, जोकि 51 शक्तिपीठों में से एक है। कहा जाता है कि यहां देवी भगवती का कंठ गिरा था।
:: यह दुनिया का एकमात्र शिवलिंग है जो चंद्रमा की रोशनी के आधार पर बढ़ता और घटता है। हर साल यहां श्रावण शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को शिवलिंग पूरा होता है और उसके बाद आने वाली अमावस्या तक आकार में काफी घट जाता है।

जानिए अमर नाथ यात्रा पर जाने के लिए क्या करना होगा:

अमरनाथ जाने के लिए पहली प्रक्रिया है आपका रजिस्‍ट्रेशन है। यह ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरह से कराया जा सकता है। ऑनलाइन रजिस्‍ट्रेशन आप https://jksasb.nic.in की वेबसाइट के जरिए या Shri Amarnathji yatra app को प्‍लेस्‍टोर से डाउनलोड करके कर सकते हैं। वहीं ऑफलाइन रजिस्‍ट्रेशन आप पीएनबी, एसबीआई, येस बैंक या जम्‍मू और कश्‍मीर बैंक में जाकर करवा सकते हैं।

READ ALSO : आ रहा है सावन, झारखंड पर रही है बाबा भोलेनाथ की विशेष कृपा, जलाभिषेक से पूरी होती है हर मनोकामना, जानें राज्य के पांच बड़े शिव मंदिर के बारे में

इन दस्तावेजों की पड़ेगी जरूरत:

अमरनाथ यात्रा करवाने के लिए आपको कुछ डॉक्‍यूमेंट्स की जरूरत होगी। इसके लिए आपको अपना आईडी प्रूफ देना होगा। आईडी प्रूफ के तौर पर वोटर आईडी या आधार कार्ड दे सकते हैं। इसके अलावा आपको मेडिकली फिट होना जरूरी है। इसके लिए आपको श्राइन बोर्ड से ऑथराइज्‍ड डॉक्‍टर से बनवाया गया मेडिकल सर्टिफिकेट जमा करना होगा। अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की तरफ से सभी राज्यों के ऑथराइज्ड डॉक्टरों की लिस्ट ऑफिशियल वेबसाइट पर जारी की गई है। साथ ही आपको 5 पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ की जरूरत पड़ेगी।

Related Articles