न्यूजर्सी (एजेंसी)। अमेरिका के विस्कान्सिन में सोमवार को एक प्राइवेट स्कूल में संदिग्ध हमलावर ने अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस हमले में हमलावर सहित पांच लोगों कि मौत हो गई है। वहीं छह लोग घायल भी हैं। हमलावर स्कूल का ही छात्र बताया जा रहा है। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने के पूर्व ही हमलावर की मौत हो चुकी थी। मैडिसन पुलिस विभाग की और से इंटरनेट मीडिया पर दी गई जानकारी के अनुसार, गोलीबारी की वारदात 400 छात्रों वाले एबंडैंट लाइफ क्रिश्चियन स्कूल में हुई।
इस साल 322 स्कूलों में गोलीबारी
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मैडिसन पुलिस प्रमुख शान बार्न्स ने जानकारी दी कि वारदात में तीन लोग मारे गए, इसमें संदिग्ध शूटर भी शामिल था। छह घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल सका है हमलावर ने गोलीबारी क्यों की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अमेरिका में हाल के वर्षों में स्कूल में गोलीबारी की संख्या में वृद्धि हुई है। स्कूल शूटिंग डाटाबेस वेबसाइट के अनुसार, इस वर्ष अमेरिका में 322 स्कूलों में गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं। पिछले वर्ष स्कूलों में गोलीबारी की 349 घटनाएं हुई थीं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने जताई चिंता
इस घटना पर अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने चिंता जाहिर करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण और अविवेकपूर्ण बताया है। गोलीबारी की निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि इस घटना ने एक बार फिर सख्त बंदूक कानूनों की आवश्यकता को रेखांकित किया है।
Read Also: जॉर्जिया में बड़ा हादसा: 12 भारतीय नागरिकों की मौत, कार्बन मोनोऑक्साइड से मौत की आशंका