नई दिल्ली : रूस और यूक्रेन के मध्य लगभग चार वर्ष से चल रहे युद्ध के बीच अमेरिका से एक शांतिपूर्ण खबर आई है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि रूस-यूक्रेन युद्ध की समाप्ति के प्रयास काफी अच्छे चल रहे हैं। ट्रंप ने इस युद्ध के जल्द ही समाप्त होने की संभावना भी जताई है। दरअसल, अमेरिका, यूक्रेन के साथ मिलकर जल्द ही एक मिनरल (खनिज) समझौते पर हस्ताक्षर करने जा रहा है। ट्रंप ने हाल ही में रूस और यूक्रेन के शीर्ष नेताओं के साथ वार्ता की थी।
युद्ध में मर रहे लोगों को बचाया जा सकेगा
अमेरिका और यूक्रेन जल्द ही एक मिनरल समझौते पर हस्ताक्षर करने जा रहे हैं। इसके बाद यह संभावना जताई जा रही है कि रूस और यूक्रेन के बीच लंबे दौर से चल रहे युद्ध की जल्द ही समाप्ति हो जाएगी। दोनों देशों में शांति बहाल होगी। इस संबंध में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यह कहा है कि इस रूस- यूक्रेन युद्ध के जल्द ही समाप्त होने की संभावना है और इस दिशा में हमारे प्रयास काफी अच्छे चल रहे हैं। खनिज और प्राकृतिक संसाधनों के समझौते पर अमेरिका-यूक्रेन के हस्ताक्षर करने के बाद युद्ध समाप्ति की आशा व्यक्त की जा रही है। ट्रंप ने कहा है कि इस युद्ध के समाप्त होने से हर हफ्ते मर रहे, लोगों को बचाया जा सकेगा।
ट्रंप ने किया था एक आदेश पर हस्ताक्षर
हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने एक आदेश पर हस्ताक्षर किया है। इसमें अमेरिका के महत्वपूर्ण खनिजों के उत्पादन को बढ़ावा देने की बात पर विशेष जोर दिया गया है। ट्रंप के अनुसार ‘हम इस युद्ध को खत्म होते देखना पसंद करेंगे और हम इस दिशा में अच्छा काम कर रहे हैं। हम हर हफ्ते हजारों लोगों को मरने से बचा पाएंगे। यही इसका उद्देश्य है। मुझे विश्वास है कि हम इसे पूरा कर लेंगे।’
समझौते को देखने का यह नजरिया है ट्रंप का
इसके साथ ही अमेरिका और यूक्रेन ने साझा रूप से यह भी कहा है कि यूक्रेन के महत्वपूर्ण खनिज संसाधनों के विकास के लिए शीघ्र ही एक व्यापक समझौते को पूरा करने पर दोनों देश सहमत हुए हैं। अमेरिका और यूक्रेन के बीच प्रस्तावित, इस मिनरल समझौते को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, इसे यूक्रेन को प्रदान की जाने वाली सहायता के बदले प्राप्त किए जाने वाले साधन के रूप में देख रहे हैं।