चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सीआरपीएफ और जिला पुलिस के संयुक्त अभियान ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा बनाए गए एक बड़े बंकर को ध्वस्त कर दिया और भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की है।
यह अभियान पश्चिमी सिंहभूम जिले के एसपी आशुतोष शेखर के नेतृत्व में चलाया गया। उन्होंने बताया कि नक्सलियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के उग्रवादी टोंटो थाना क्षेत्र के जंगली, पहाड़ी क्षेत्र में हथियार और गोला-बारूद छुपाकर रखे हुए हैं।
सूचना के आधार पर सीआरपीएफ की 60 बटालियन और जिला पुलिस ने टोटों थाना क्षेत्र के वनग्राम हुसिपी के आसपास सर्च अभियान शुरू किया। अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा लगाए गए विस्फोटकों और अन्य सामग्री के एक पुराने डंप को ढूंढ निकाला। इन विस्फोटकों को सुरक्षा दृष्टिकोण से नष्ट किया गया। इसके साथ ही, इस डंप से भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और अन्य सामग्री भी बरामद की गई, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है ।

सुरक्षा बलों ने जो सामग्री बरामद की, उसमें 1 देशी पिस्तौल, 2 देशी कार्बाइन, 1 बोल्ट एक्शन राइफल, 13 राउंड 303 बोर के, 8 राउंड 7.62 एमएम के, 1 एसएलआर पिस्टन रॉड, 10 किलोग्राम वज़न वाले 2 तैयार आईईडी, 29 ड्यूल डेटोनेटर ट्यूब (58 डेटोनेटर), 5 बंडल कॉर्डेक्स वायर, 3 वॉकी-टॉकी, 6 पीस नक्सल वर्दी का कपड़ा, 2 नक्सल बैनर, 95 स्पाइक रॉड और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है।
यह अभियान 2022 से ही नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे संयुक्त अभियान का हिस्सा है, जिसमें चाईबासा पुलिस, कोबरा 209 बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की विभिन्न बटालियनों के जवान शामिल हैं। इस अभियान का उद्देश्य पश्चिमी सिंहभूम और सारंडा क्षेत्र में नक्सलियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखना और उन्हें जड़ से खत्म करना है।
सीआरपीएफ और जिला पुलिस के इस संयुक्त अभियान से नक्सली संगठन को एक बड़ा झटका लगा है। पुलिस को लगातार मिल रही सफलता से नक्सलियों का ग्रुप कमजोर हो रहा है, और उन्हें एक के बाद एक बड़े नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस का मनोबल बढ़ा है, और वे लगातार नक्सलियों के खिलाफ अभियान चला रहे हैं ताकि पश्चिमी सिंहभूम जिले को नक्सलमुक्त किया जा सके।
पुलिस के उच्च अधिकारी ने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने नक्सली संगठन के प्रमुख नेताओं जैसे मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, और अश्विन को चेतावनी दी कि वे जल्द ही पुलिस के घेरे में होंगे।
Read also Dumka Rape Case : दुमका में दिल दहला देने वाली घटना पर बाबूलाल मरांडी ने उठाए सवाल