रांची : रविवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में तीरंदाज दीपिका कुमारी और सेंटर फोर एक्सीलेंस की कोच डी. साईश्वरी ने मुलाकात की। इस अवसर पर दोनों ने मुख्यमंत्री को राज्य में तीरंदाजी से संबंधित विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों से अवगत कराया। साथ ही कई अन्य मुद्दों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने इस मुलाकात के दौरान तीरंदाजी क्षेत्र को लेकर अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया और झारखंड के खिलाड़ियों के लिए आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी तीरंदाजी के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। हमारी सरकार इन खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को हर संभव समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उपलब्धियों को लेकर दी बधाई
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से तीरंदाज दीपिका कुमारी की हाल में हासिल की गई उपलब्धियों को लेकर बधाई दी। आगगामी दिनों में उनकी सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। दीपिका कुमारी ने पिछले कुछ वर्षों में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन कर चुकी हैं। उन्होंने भी मुख्यमंत्री को अपने अनुभव और चुनौतियों से अवगत कराया।
प्रशिक्षण के लिए सुविधाएं बढ़ाने की मांग
टीम के कोच डी साईश्वरी ने भी राज्य में तीरंदाजी के प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाओं की आवश्यकता और खिलाड़ियों को अधिक अवसर देने की बात की। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रशिक्षण केंद्रों में सुधार और खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान तीरंदाजी क्षेत्र के विकास हेतु सरकार द्वारा जल्द ही योजनाएं लागू करने का आश्वासन दिया।