मुंबई : मुंबई के प्रतिष्ठित एनसीपी नेता और पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी के मर्डर से पूरी मुंबई सकते में है। सबसे हाई प्रोफाइल लोगों में शुमार एनसीपी (NCP) नेता की हत्या शनिवार को 3 गोलियां मार कर दी गई। गोली लगने के बाद उन्हें फौरन अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। बाबा सिद्दीकी का शव पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल ले जाया गया है। उनके अंतिम संस्कार (सुपुर्द-ए-खाक) की तैयारी आज (रविवार को) की जा रही है।
अंतिम संस्कार की जानकारी
सिद्दीकी के परिजनों ने बताया कि 13 अक्टूबर रविवार शाम 7 बजे, मकबा हाइट्स, 15 ए, पाली रोड, पाली नाका, बांद्रा (डब्ल्यू) में नमाज ए जनाजा अता की जाएगी। उसके बाद रात 8.30 बजे, बड़ा कब्रिस्तान, मरीन लाइन्स स्टेशन के सामने उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
बॉलीवुड और राजनीति में शोक
बाबा सिद्दीकी की हत्या की खबर सुनते ही बॉलीवुड और राजनीति की कई प्रमुख हस्तियों ने अस्पताल पहुंचकर उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। अभिनेता सलमान खान ने विशेष रूप से उनके परिवार से मुलाकात की।
पिछले एक महीने से कर रहे थे रेकी : पुलिस
घटना के बाद मुंबई पुलिस ने स्थिति को गंभीरता से लिया है। प्रारंभिक जांच में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि इस हमले में तीन हमलावर शामिल थे, जो पिछले एक महीने से इलाके की रेकी कर रहे थे। पुलिस ने हत्या के आरोपियों की पहचान करनैल सिंह (हरियाणा) और धर्मराज कश्यप (उत्तर प्रदेश) के रूप में की है। जांच में पता चला है कि हमलावरों को किसी अंदरूनी स्रोत से जानकारी मिली थी, जिसने उनकी मदद की। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि सभी पहलुओं को उजागर किया जा सके। पुलिस ने यह भी दावा किया है कि ये आरोपी लॉरेंस गैंग से जुड़े हैं।
Read Also-Big Breaking: NCP नेता Baba Siddique की गोली मार कर हत्या.. लीलावती में ली आखिरी सांस