रांची : झारखंड विधानसभा में भाजपा (BJP) के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो ने शुक्रवार को इस फैसले की आधिकारिक घोषणा की। इससे पहले गुरुवार को मरांडी को भाजपा (BJP) विधायक दल का नेता भी चुना गया था। नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद बाबूलाल मरांडी को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और अन्य विधायकों ने बधाई दी।
चान्हो आश्रम में साधु की हत्या को लेकर भाजपा का विरोध
इस बीच, रांची के चान्हो थाना क्षेत्र स्थित एक आश्रम में घुसकर अपराधियों ने साधु सहित दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी। इस मुद्दे को लेकर भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने शुक्रवार को विधानसभा में प्रश्न उठाया और संसदीय कार्य मंत्री से इसका जवाब मांगा। इस दौरान सदन में हंगामा हुआ। नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि झारखंड में अब साधु-संन्यासी भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार इस तरह की घटनाओं को रोकने में पूरी तरह असफल रही है।
सरकार का जवाब : त्वरित कार्रवाई की जा रही है
संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने इस पर जवाब देते हुए बताया कि पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, कुछ आरोपी अभी भी फरार हैं। उन्होंने कहा, “जो भी इस अपराध में शामिल होगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।”