रांची : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने रांची की ट्रैफिक पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक ट्वीट के जरिए राजधानी रांची में ट्रैफिक पुलिस के रवैये पर आलोचना की। बाबूलाल ने कहा कि रांची में यातायात व्यवस्था सुधारने के बजाय पुलिस केवल जुर्माना वसूलने पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जो नागरिकों के साथ शोषण जैसा है।
कहा-सड़क सुरक्षा को नजरअंदाज कर जुर्माना वसूली पर जोर
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि मामूली गलतियों पर भी भारी जुर्माना लगाया जा रहा है, जबकि सड़क सुरक्षा और यातायात नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन बेहद जरूरी है, लेकिन जब तक रांची की सड़कों की स्थिति में सुधार नहीं होगा और ट्रैफिक सिग्नल ठीक से काम नहीं करेंगे, तब तक जुर्माना वसूलने से समस्या का समाधान नहीं हो सकता।
मुख्यमंत्री से फिर से विचार करने की अपील
मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से अपील करते हुए कहा कि इस मामले में संवेदनशीलता दिखाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जनता पर लगाए गए भारी जुर्माने पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए और रांची की सड़कों पर हो रही लूट को रोकने के लिए तुरंत कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि एक सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।