रांची : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को झारखंड की हेमंत सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार नगर निकाय चुनावों के प्रति उदासीनता दिखा रही है और उच्च न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन कर रही है, जिससे जनता के लोकतांत्रिक और संवैधानिक अधिकारों का हनन हो रहा है।
नगर निकाय चुनावों में देरी पर राज्य सरकार की आलोचना
सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मरांडी ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग ने भी न्यायालय को सूचित किया है कि हेमंत सरकार चुनावों में आवश्यक सहयोग नहीं दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निकाय चुनावों को टालने के बजाय हेमंत सरकार प्रशासकों के माध्यम से इनका संचालन कर रही है, जो भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को बढ़ावा दे रहे हैं। मरांडी ने कहा कि बिना निर्वाचित प्रतिनिधित्व के, हेमंत सरकार नागरिक हितों की अनदेखी कर बड़े घोटालों को अंजाम दे रही है।
मकर संक्रांति और टुसू पर्व की शुभकामनाएं
इसके साथ ही, बाबूलाल मरांडी ने मकर संक्रांति की बधाई दी और कहा कि यह पावन पर्व सूर्य के उत्तरायण होने के कारण जीवन में नई ऊर्जा, समृद्धि और उत्साह लाए। साथ ही उन्होंने आदिवासी समाज की परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को जीवित रखते हुए टुसू पर्व की भी शुभकामनाएं दी। मरांडी ने कहा कि टुसू पर्व का मुख्य उद्देश्य फसल कटाई के बाद प्रकृति और फसल की समृद्धि के लिए आभार प्रकट करना है।