Jamshedpur : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गांधीनगर में 17 सितंबर की रात हुए फायरिंग कांड में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। इस घटना में पोपो मुंडा गोली लगने से घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया था। अब एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस मामले की जांच में तेजी से जुटी है। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास का सीसीटीवी फुटेज भी खंगाला है। यह देखा गया है कि पोपो मुंडा के घर की तरफ कोई गया था या नहीं।
घायल पोपो मुंडा के बयान पर पुलिस ने गांधीनगर बागबेड़ा के रहने वाले बादल कुमार समासी और करण कुमार को आरोपी बनाया है। पोपो मुंडा का कहना है कि उन पर जान लेने की नीयत से गोली चलाई गई। पोपो मुंडा घटना वाले दिन से ही कह रहा है कि उस पर बादल ने गोली चलाई थी।
पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोनों आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है। वैसे पुलिस इस घटना को संदिग्ध मान कर भी जांच कर रही है। एक कहानी यह भी सामने आ रही है कि पोपो मुंडा कमर में पिस्टल खोंसे हुए था। गलती से गोली चली जो उसके जांघ के करीब जा लगी।
माना जा रहा है कि c यहां दो गिरोह गांजा की बिक्री कराते हैं। यह दोनों गिरोह चाहते हैं कि उनके सामने गांजे की बिक्री कोई नहीं करे ताकि सारा फायदा उन्हीं को हो। दोनों गिरोह गांजा कारोबार पर एकाधिकार चाहते हैं। इसी वजह से यहां आए दिन फायरिंग की घटनाएं हो रही हैं।