Bihar IPS Officers Transfer: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 जैसे-जैसे करीब आ रहा है, वैसे-वैसे बिहार के प्रशासनिक हलके में बदलाव किए जा रहे हैं। चुनावी माहौल में एक ओर राजनेता बयानबाजी कर रहे हैं, तो दूसरी ओर नीतीश सरकार अधिकारियों का तबादला कर रही है। मंगलवार की शाम को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रशासनिक स्तर बड़ा फेरबदल किया है।
CM नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बिहार सरकार ने मंगलवार को प्रदेश के कई आईपीएस अधिकारियों के तबादले का फरमान जारी किया। इसके साथ ही कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया। बिहार गृह विभाग की ओर से इस बाबत अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
इन विभागों में हुआ ट्रांसफर
गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के असार, अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-व्यवस्था) पंकज कुमार दराद को अगले आदेश तक आतंकवाद निरोधक दस्ता, पटना का अपर पुलिस महानिदेशक बनाया गया है तथा (विधि-व्यवस्था) एवं विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसके अलावा कमजोर वर्ग अपराध अनुसंधान विभाग के अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. अमित कुमार जैन को मद्य निषेध के अपर पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। जारी किए गए अधिसूचना के अनुसार, तकनीकी सेवाएं और संचार के पुलिस महानिरीक्षक राकेश राठी को आर्थिक अपराध इकाई (साइबर क्राइम) का अतिरिक्त प्रभार समाप्त करते हुए विशेष शाखा का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है।
बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के पुलिस महानिरीक्षक रंजीत कुमार मिश्रा को पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) का अतिरिक्त प्रभार तथा पुलिस उप महानिरीक्षक (कार्मिक) बाबू राम को अगले आदेश तक बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (उत्तरी मंडल) का पुलिस उप महानिरीक्षक पद का प्रभार सौंपा गया है। अपराध अनुसंधान विभाग के पुलिस उप महानिरीक्षक जयंतकांत को राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो का पुलिस उप महानिरीक्षक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
रेलवे से लेकर मद्य निषेध तक, सभी में हुए बड़े बदलाव
इसके साथ ही अतिरिक्त आर्थिक अपराध इकाई के पुलिस उप महानिरीक्षक मानव जीत सिंह ढिल्लों को मद्य निषेध विभाग के उप महानिरीक्षक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है, दूसरी ओर आतंकवाद निरोधक दस्ता के उप महानिरीक्षक राजीव मिश्रा को मद्य निषेध विभाग के उप महानिरीक्षक की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। राज्य अपराध अभिलेख ब्यूरो के पुलिस उप महानिरीक्षक अभय कुमार लाल को बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर का उप निदेशक बनाया गया है, तो वहीं रेलवे के उप महानिरीक्षक तौहीद परवेज को अब अपराध अनुसंधान विभाग का उप महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
अपराध अनुसंधान विभाग के उप महानिरीक्षक रहे राजेन्द्र कुमार भील को कार्मिक का उप महानिरीक्षक, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस -3, गया के समादेष्टा दीपक रंजन को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस -17 बोधगया का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा विधि व्यवस्था पुलिस अधीक्षक राजीव रंजन-एक को आर्थिक अपराध इकाई का पुलिस अधीक्षक, बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर के सहायक निदेशक बीणा कुमारी को पुलिस अधीक्षक, रेल, मुजफ्फरपुर तथा बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस -12 सुपौल के समादेष्टा अशोक कुमार प्रसाद को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (प्रशिक्षण) की जिम्मेदारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक, रेल, मुजफ्फरपुर, विनय तिवारी को साइबर अनुसंधान एवं अभियान का पुलिस अधीक्षक तथा बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस -17 बोधगया के समादेष्टा चंद्रप्रकाश को सहायक निदेशक, बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर बनाया गया है।