जमशेदपुर: जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके में खरकाई नदी के किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान राजेश कालिंदी के रूप में हुई है, जो कचरा चुनने का काम करता था। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंकने का आरोप लगाया है।राजेश कालिंदी कई दिनों से घर से लापता था, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट जुगसलाई थाने में दर्ज कराई गई थी। लेकिन, उसका शव बिष्टुपुर इलाके में खरकाई नदी में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव मिलने की सूचना पर जुगसलाई पुलिस मौके पर पहुंची। बिष्टुपुर थाना पुलिस के बीच सीमा विवाद भी देखने को मिला। दोनों ही थाने शव को अपने-अपने इलाके में होने से इनकार कर रहे थे। हालांकि, बाद में पता चला कि शव बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में मिला है। राजेश कालिंदी की उम्र 30 वर्ष थी। उसके तीन बच्चे हैं। वह पार्वती घाट के पास रहता था, जहां उसकी ससुराल भी है। ससुराल के लोगों ने नदी में शव मिलने की सूचना राजेश के परिजनों को दी थी।अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि मौत के कारणों का पता चल सके। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जिसके चलते पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
Bistupur Murder : जमशेदपुर में खरकाई नदी के किनारे कचरा चुनने वाले युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका
written by Mujtaba Haider Rizvi
65

Mujtaba Haider Rizvi
मुजतबा हैदर रिज़वी को पत्रकारिता का 22 साल का अनुभव है। उन्होंने अमर उजाला से पत्रकारिता की शुरूआत की थी। इसके बाद दैनिक जागरण, लगातार न्यूज़ मीडिया, न्यूज़ 11 भारत डिजिटल और फिफ्थ पिलर डिजिटल में काम किया है।