सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के भाजपा नेता बास्को बेसरा ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही वह झामुमो में शामिल हो गये हैं। उनके इस निर्णय का झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने स्वागत किया है। बताया जाता है कि बास्को बेसरा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की है। संभवतः वे सरायकेला से झामुमो के उम्मीदवार हो सकते हैं। इसके ठीक उलट स्थानीय विधायक व पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने तीर-धनुष छोड़ भाजपा का कमल फूल थाम लिया है और उन्हें सरायकेला विधानसभा सीट से पार्टी का टिकट भी मिल चुका है।
बास्को बेसरा ने भाजपा से इस्तीफा देते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी को इस आशय का पत्र भेज दिया है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि वे निजी कारणों से पार्टी छोड़ रहे हैं। फिलहाल, वह भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य थे। उन्होंने अपने त्यागपत्र में लिखा है कि अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य और भाजपा के सक्रिय सदस्य के रूप में उनकी (बास्को बेसरा) भूमिका सक्रिय रही है। बावजूद कुछ निजी कारणों के चलते अब अपनी सेवाएं देने में असमर्थ हैं। इसलिए उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष श्री मरांडी से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य समेत पार्टी की सभी जिम्मेदारियों से मुक्त करने का आग्रह किया है।
हालांकि, बास्को बेसरा ने अपनी आगे की रणनीति के बारे में अभी कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिये हैं। राजनीतिक गलियारे में यह भी चर्चा है कि बास्को बेसरा हर पांच साल में पार्टी बदलते रहे हैं। हर बार वह कहते हैं कि यह उनका अंतिम पड़ाव है। बावजूद चुनाव में टिकट नहीं मिलने पर वह सबसे पहले पार्टी छोड़ देते हैं।
बास्को बेसरा इससे पहले खरसावां और सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस और आजसू के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस बार भी उन्हें उम्मीद थी कि पार्टी उन्हें उम्मीदवार बनाएगी, लेकिन प्रत्याशियों के नामों की घोषणा के साथ ही उनकी उम्मीदें टूट गईं। उन्हें पिछले चुनाव में बीजेपी में शामिल होने के तुरंत बाद गम्हरिया में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ मुलाकात करते देखा गया था, जिसे उन्होंने शिष्टाचार मुलाकात बताया था। अब यह देखना है कि बास्को बेसरा का अगला कदम क्या होता है। हालांकि, झामुमो ने अभी कुछ स्पष्ट नहीं किया है। चंपाई सोरेन के पार्टी छोड़ने के बाद झामुमो के पास उनके कद का कोई दूसरा नेता नहीं है। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि बास्को बेसरा झामुमो के टिकट पर सरायकेला विधानसभा सीट के उम्मीदवार हो सकते हैं।