मुंबई: भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन को अचानक हार्ट अटैक की चपेट में आने के बाद, उन्हें मंगलवार शाम को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आपको बता दें कि उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है। वहीं, उनकी जांच के बाद डॉक्टरों ने उनके ईसीजी में बदलाव देखा है।
लीलावती अस्पताल के पल्मोनोलॉजिस्ट, डॉ जलील पारकर ने शाहनवाज की हेल्थ स्थिति के बारे में अपडेट देते हुए बताया कि उन्हें दिल का दौरा आने की वजह से भर्ती किया गया है। डॉ पारकर ने उनकी एंजियोप्लास्टी की जा चुकी है।
जानकारी के अनुसार शाहनवाज हुसैन को हाई ब्लड प्रेशर और एसिडिटी की शिकायत हो गई, जिसके बाद उन्हें लीलावती अस्पताल में ले जाया गया। वहां, हॉस्पिटल में उनकी एंजियोप्लास्टी की गई।
उन्हें वरिष्ठ सलाहकार, डॉ. जलील पारकर, के नेतृत्व में भर्ती किया गया और हृदय रोग विशेषज्ञ, डॉ सुरेश विजान, ने उनका ऑपरेशन किया।
शाहनवाज हुसैन गणेश दर्शन और पार्टी के अन्य कार्यों के लिए मुंबई में थे। इस दौरान, वह बांद्रा में विधायक और भाजपा मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार के घर पर थे। जहां उन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने लगी और इसके बाद आशीष शेलार ने उन्हें लीलावती अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की। उनके साथी और परिजन चिंतित थे, लेकिन जैसे ही जांच के बाद पता चला की वह खतरे के बाहर हैं, तो सबने राहत की सांस ली।
अस्पताल के डॉक्टरों ने शाहनवाज की 2डी इको करने के बाद बताया कि स्थिति सामान्य है, लेकिन उनके ईसीजी में बदलाव दिखे। दरअसल, एंजियोग्राफी के बाद, डॉक्टरों को एक ब्लॉक मिला और वही एक स्टेंट डाला गया। वर्तमान में हुसैन आज आईसीयू में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर है। बताया गया है की बुधवार को उन्हें प्राइवेट रूम में शिफ्ट कर दिया जाएगा।