Home » Babulal marandi : झारखंड में अभी जदयू से नहीं है गठबंधन : बाबूलाल मरांडी

Babulal marandi : झारखंड में अभी जदयू से नहीं है गठबंधन : बाबूलाल मरांडी

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- झामुमो बन गयी है मियां-बीवी की पार्टी, बैनर से दिशोम गुरु शिबू सोरेन हो गए गायब

जमशेदपुर : BJP state president Babulal marandi : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी शुक्रवार को शहर आए थे। बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में कोल्हान प्रमंडलीय बैठक में भाग लेने आए बाबूलाल ने पत्रकारों के सवाल पर कहा कि अभी राज्य में भाजपा के साथ आजसू सहयोगी दल है। राज्य में जदयू के साथ गठबंधन नहीं है। केंद्र में जदयू सहयोगी दल है। झारखंड में जदयू के गठबंधन पर केंद्रीय नेतृत्व को निर्णय लेना है। ज्ञात हो कि जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय जदयू में शामिल हो गए हैं, इसलिए इस बात पर चर्चा हो रही है कि क्या झारखंड में भाजपा-जदयू साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

झामुमो पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि झामुमो अब मियां-बीवी की पार्टी बनकर रह गई है। बैनर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तस्वीर नहीं लगाई जा रही है। बैनर में इन दिनों हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ही रहती हैं। एक बड़े आदिवासी नेता को बार-बार अपमानित करने और पार्टी को मियां-बीवी की पार्टी बना देने वाले हेमंत सोरेन अब संन्यास लेने के करीब पहुंच गए हैं। क्योंकि जमशेदपुर की इसी धरती से गत विधानसभा चुनाव से पूर्व शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर उन्होंने साल में 5 लाख नौकरी अथवा राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा सार्वजनिक मंच से की थी।

BJP state president Babulal marandi : गोपाल मैदान में पीएम की सभा की तैयारी

बाबूलाल ने पार्टी की आगामी कार्ययोजना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जमशेदपुर में प्रस्तावित जनसभा की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सरकारी कार्यक्रम के तहत विभिन्न कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे, भाजपा की ओर से आयोजित विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा की सफलता के लिए पार्टी विभिन्न स्तरों पर व्यापक तैयारी कर रही है। कहा कि क्षेत्रफल के नजरिए से बिष्टुपुर के गोपाल मैदान में ही सभा की तैयारी की जा रही है।

BJP state president Babulal marandi : कोल्हान स्तरीय सम्मेलन में इनकी रही उपस्थिति

इस दौरान बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, सांसद बिद्युत बरण महतो, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, जमशेदपुर लोकसभा की क्लस्टर प्रमुख भावना बोहरा, प्रदेश महामंत्री सह सांसद प्रदीप वर्मा, प्रदेश महामंत्री सह सांसद आदित्य साहू, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष बरकुंवर गागराई, प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, प्रदेश मंत्री मनोज महतो, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, सरायकेला-खरसावां अध्यक्ष उदय सिंहदेव, पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष चंडीचरण साव, पश्चिम सिंहभूम जिलाध्यक्ष संजू पांडेय समेत कोल्हान के सभी प्रमुख कार्यकर्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, भाजपा जिला पदाधिकारी, मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी एवं अन्य मौजूद रहे।

Related Articles