चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित चीलगु में शहड़बेरा पुल के निर्माण ने राहगीरों की जिंदगी खतरे में डाल रखी है है। टाटा-रांची फोरलेन हाईवे पर इस पुल के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। इससे स्थानीय लोग सहमे हुए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चिलगु शहड़बेरा पुल का निर्माण स्थानीय निवासियों के लिए एक गंभीर चिंता का विषय बन गया है। सुरक्षा मानकों के उपलब्ध न होने और प्रशासनिक उदासीनता के कारण राहगीरों की जिंदगी दांव पर लगी हुई है। अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो न केवल सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय लोगों का विश्वास भी प्रशासन से उठ जाएगा।
सड़क दुर्घटनाओं का बढ़ता आंकड़ा
पिछले एक हफ्ते के भीतर इस पुल के आसपास नौ सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन घटनाओं में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ के पैर और हाथ टूट गए हैं। चिंता की बात यह है कि कुछ दुर्घटनाओं में तो जान तक जाने की नौबत आ गई है। ऐसे में स्थानीय निवासियों का इस पुल से गुजरना खतरनाक साबित हो रहा है।
निर्माण कार्य में अनियमितताएं
चिलगु शहड़बेरा पुल का निर्माण जिस कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा किया जा रहा है, उसके कार्य में कई अनियमितताएं देखी जा रही हैं। पुल के एक तरफ की सड़क बंद कर दी गई है, जबकि दूसरी तरफ मिट्टी डालकर इसे और खतरनाक बना दिया गया है। यह सड़क एनएच 33 पर पड़ती है, जो लोगों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है।
सुरक्षा मानकों की कमी
इस पुल पर सुरक्षा मानकों की गंभीर कमी है। न तो पुल पर रेडियम का इस्तेमाल किया गया है और न ही किसी प्रकार की बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। अंधेरे में सड़क पर चलना और भी खतरनाक हो जाता है, जिससे राहगीरों को सड़क दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने इस समस्या के बारे में टोल कर्मचारियों को भी सूचित किया था, लेकिन उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि यह उनके क्षेत्र में नहीं आता।
प्रशासनिक उदासीनता
जब स्थानीय निवासियों ने अपनी शिकायत एनएचएआई के अधिकारियों से की, तो उन्होंने भी समस्या को अनसुना करते हुए कंस्ट्रक्शन कंपनी को जिम्मेदार ठहराया। इससे स्थानीय लोग असमंजस में हैं कि अपनी समस्याएं लेकर जाएं तो कहां जाएं। ऐसे में यदि समय पर इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में और वृद्धि देखने को मिलेगी।
Read Also- Medininagar Firing : दीपावली की रात बैरिया में चली गोली, एक युवक गंभीर रूप से घायल