रांची : रांची के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राम लखन सिंह कॉलेज के पास हुआ, जब एक स्कॉर्पियो कार ने जमशेदपुर से रांची की ओर आते हुए खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मारी। यह दुर्घटना सुबह लगभग 3 बजे हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई। इसके बाद एक अन्य घायल की मौत की सूचना मिली है।
मृतकों में गम्हरिया (सरायकेला-खरसावां) निवासी भाजपा नेता बास्को बेसरा का बड़ा पुत्र अग्नि बेसरा भी शामिल है। घटना की सूचना मिलते ही सदर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को ट्रक के नीचे से बाहर निकालने का काम शुरू किया। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
झींकपानी और गम्हरिया के हैं मृतक
मृतकों की पहचान सुजीत सिंकू, पृथ्वी सहदेव (झींकपानी) और अग्नि बेसरा (गम्हरिया) के रूप में हुई है। 2 की घटनास्थल पर ही मृत्यु हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब बजे राम लखन सिंह कॉलेज के पास जोरदार आवाज सुनाई दी। जब लोगों ने देखा तो पता चला कि एक स्कॉर्पियो कार ने रामलखन सिंह कॉलेज के पास खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी है। लोगों की चीख पुकार सुनकर बाकी लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई।
ईसके बाद काफी मशक्कत से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि एक अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका इलाज अभी अस्पताल में चल रहा है। सभी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। यहां बता दें कि भाजपा नेता बास्को बेसरा के छोटे पुत्र अनमोल बेसरा की मौत 4 अगस्त 2023 को चांडिल थाना क्षेत्र स्थित कांदरबेड़ा में सड़क दुर्घटना में हो गई थी।