जैंतगढ़ : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले की सीमा से सटे ओडिशा के क्योंझर जिले के चंपुआ थाना अंतर्गत सरासपशी गांव में कलियुगी बेटे ने सब्जी के खेत फूल गोभी चुराने कें संदेह में अपनी 70 वर्षीय मां को पहले बुरी तरह पीटा। इसके बाद भी जब उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ तो मां के हाथ-पैर बांधकर बिजली के खम्भे से लटका दिया। इस अमानवीय कृत्य को देखकर आसपास के लोग आक्रोशित हो गये और स्थानीय पुलिस को मौके पर बुला लिया। पुलिस ने वृद्ध महिला के हाथ-पैर खोलकर उसे खम्भे से उतारा।
फिर उसे नजदीक के अस्पताल में भर्ती करा दिया। इसके बाद भी महिला पर सितम कम नहीं हुआ। बेटे की पत्नी ने अस्पताल पहुंचकर दोबारा उसकी पिटाई कर दी। यहां स्वास्थ्यकर्मियों के हस्तक्षेप करने पर उसकी जान बची। इस मामले में चंपुआ थाने की पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए बेटे शत्रुघ्न महंतो को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आसपास के लोगों ने बताया कि पीड़िता का नाम सुभद्रा महंतो है। वो चंपुआ थाना क्षेत्र के सरासपशी गांव की रहने वाली है। सुभद्रा के पति बुथुराम महंतो का देहांत हो चुका है। सुभद्रा अपने दो बेटों और बहुओं के साथ रहती थी। बड़े बेटे करुणा की भी किसी अज्ञात बीमारी के कारण मृत्यु हो जाने के बाद छोटा बेटा शत्रुघ्न अपनी पत्नी को लेकर अलग रहने लगा।
cauliflower theft : चोरी करने के संदेह में मां बिजली के खंभे से लटकाया
सुभद्रा अपनी बड़ी बहू के पास खाना-पीना करती है। दो दिन पहले शत्रुघ्न के सब्जी खेत से फूल गोभी चोरी हो गयी उसे अपनी मां सुभद्रा पर शक हो गया। इस कारण उसने डंडे से अपनी मां की पिटाई कर दी। इसके बाद भी जब उसे शांति नहीं मिली तो फिर से मां सुभद्रा को घर से बाहर लाया और उसके हाथ-पैर बांधकर घर के पास एक बिजली के खम्भे में बांध दिया गया। यह देख स्थानीय लोगों ने विरोध किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मां सुभद्रा को बचाया और स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए वासुदेवपुर के स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया।
जानकारी होने पर शत्रुघ्न की पत्नी अस्पताल पहुंची और सास के साथ मारपीट की। अस्पताल की नर्सों और डॉक्टरों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उसको वहां से भगा दिया। इस अमानवीय घटना को लेकर पुलिस ने पीड़िता के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित बेटे शत्रुघ्न को रविवार की सुबह गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, वृद्ध महिला अभी भी अपनी जान के डर से अस्पताल में है।
READ ALSO : Road Accident : रांची के तुपुदाना में तेज रफ्तार का कहर, कार-बाइक भिड़ंत में दो युवकों की मौत