लखनऊ : उत्तर प्रदेश में आज बुधवार को मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। हालांकि, यह मौसम जल्द ही बदलने वाला है।
गरज के साथ बारिश की संभावना
पाकिस्तान से आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। इसके साथ ही तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
कल से बादलों की विदाई, बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 48 घंटों में तापमान में तेजी से वृद्धि होगी। मई में दिन का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, लेकिन अब यह 40 डिग्री के नीचे आ गया है। हालांकि, अब ज्यादा दिनों तक इस मौसम से राहत मिलने वाली नहीं है। अगले दो दिनों तक बादलों की आवाजाही रहेगी, उसके बाद आसमान साफ होने के संकेत हैं। तब गर्मी और उमस के साथ तापमान में बढ़ोतरी होगी। 6 जून से अधिक गर्मी के आसार हैं। 9 जून तक अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है।
तापमान में 5 डिग्री तक की वृद्धि संभव
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार से तापमान में वृद्धि शुरू होगी, और इसके बाद यह तेजी से चढ़ेगा। पश्चिमी विक्षोभों के कारण देश के पश्चिमी और पूर्वी राज्यों में मौसम खुशगवार चल रहा है, लेकिन प्रदेश में बुधवार से बादल छंटने लगेंगे। कुछ जिलों को छोड़कर शेष में तापमान बढ़ेगा, विशेषकर प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में तापमान में वृद्धि होगी।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से आ रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंधी-पानी का क्रम जारी है। अब अगला विक्षोभ 12-13 जून को संभावित है। इससे पहले अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। विक्षोभ के बाद इसमें 3 डिग्री तक की कमी भी संभव है।
Read Also: Jharkhand Weather Today : झारखंड में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट, जानें आज का तापमान