- उत्कृष्ट कार्य करनेवाले मुखिया को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
रांची : शनिवार को रांची के ओरमांझी प्रखंड के रुक्का में मुखिया व उपमुखिया के लिए क्षमता संवर्द्धन कार्यशाला सह सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करनेवाले मुखिया को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने अपने संबंधित विभागों द्वारा चलाए जा रहे योजनाओं की जानकारी साझा की। उपायुक्त ने सभी मुखिया से अबुआ ग्रुप से जुड़ने की अपील की। उन्होंने बताया कि अबुआ ग्रुप एक जनकल्याणकारी मंच है, जिसे सरकार की योजनाओं, जिला प्रशासन की गतिविधियों और द्विपक्षीय संवाद के लिए स्थापित किया गया है। उपायुक्त ने कहा कि अगर जिला मुख्यालय, प्रखंड, अंचल और पंचायत कार्यालयों का काम सही तरीके से होगा तो ग्रामीण क्षेत्र का विकास संभव है।
‘अबुआ साथी’ पर शिकायत करें
उपायुक्त ने सभी मुखिया को जिला प्रशासन द्वारा जारी व्हाट्सएप नंबर ‘अबुआ साथी’ 9430328080 के बारे में बताया। जिस पर लोग सरकारी कामकाज में अनियमितताओं की शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकारी स्कूलों में शिक्षक लेट आते हैं या स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारी अनुपस्थित रहते हैं, तो अबुआ साथी पर तुरंत शिकायत करें।
पंचायतों का सर्वांगीण विकास जरूरी
उपायुक्त ने पंचायतों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी मुखिया और उपमुखिया से सुझाव के साथ सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने बताया कि पंचायत भवनों में बुनियादी सुविधाएं जैसे पानी, बिजली, इंटरनेट और शौचालय सुनिश्चित करने से ही पंचायतों का सही संचालन संभव होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हर 15 दिनों में सभी मुखिया से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया जाएगा।
टॉक टू डीसी कार्यक्रम की शुरुआत
रांची जिले में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जल्द ही ‘टॉक टू डीसी’ कार्यक्रम की शुरुआत की जाएगी, जिसमें लोग सीधे उपायुक्त से संवाद कर सकेंगे। यह कार्यक्रम महीने में एक बार आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि हम सभी को मिलकर रांची को मॉडल जिला बनाने की दिशा में काम करना है।
उन्होंने सभी लोगों को अफीम की खेती और नशापान के खिलाफ शपथ दिलाई। उन्होंने कहा हमें नशापान और अफीम की खेती को जड़ से उखाड़ने के लिए सतर्क रहना होगा। साथ ही हड़िया-दारू बेचने वाली महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ने की कोशिश करनी होगी।
बैठक में उपविकास आयुक्त दिनेश कुमार यादव, अनुमंडल पदाधिकारी उत्कर्ष कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक और अन्य जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
Read Also- महिलाओं को लेकर नीतीश कुमार के बयान पर बोले तेजस्वी यादव- ‘सीएम हैं, वूमेन फैशन डिजाइनर नहीं’