लखनऊ : प्रदेश में मौसम ने अपना मिजाज पूरी तरह बदल लिया है। दिन में एक ओर जहां तेज और कड़क धूप निकल रही है, वहीं रात में भी तापमान के बढ़ने से ठंड का असर काफी कम हो गया है। प्रदेश के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी है। मौसम विभान ने प्रदेश में दो दिनों तक बारिश होने के आसार जताए हैं। इसके साथ ही छिछला से मध्यम कोहरा छाने की संभावना भी है। 6 फरवरी से 9 फरवरी तक मौसम साफ रह सकता है।
चार फरवरी मंगलवार को प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। राजधानी लखनऊ में सुबह से बादल छाए हुए हैं। हालांकि, पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहेगा। इस दौरान दोनों हिस्सों में देर रात और सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा छाने के आसार जताए गए हैं।
इन जिलों में है बारिश के आसार
मौसम विभाग की मानें तो मंगलवार को सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ और गाजियाबाद जिले में बादल गरजने व बिजली गिरने की संभावना है। इसके साथ ही हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, संभल, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर और उसके आसपास के इलाकों में भी बादल गरजने व बिजली गिरने के आसार जताए गए हैं।
5 फरवरी को पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहने के आसार जताए गए हैं। 6 फरवरी को पश्चिमी व पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहने के साथ ही देर रात और सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।
बढ़ रहा है न्यूनतम तापमान
पूरे प्रदेश में न्यूनतम एवं अधिकतम तापमान में इजाफा देखने को मिला है। मेरठ में सबसे कम 8.6℃ और अलीगढ़ में 8.8℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। नजीबाबाद में 8.5℃, मुजफ्फरनगर में 9.1℃, अयोध्या में 9.5℃, बस्ती में 10℃ और फतेहपुर में 10.2℃ न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। मुजफ्फरनगर में 22.6℃, नजीबाबाद में 22.8℃, मेरठ में 23.6℃ और बुलंदशहर में 23℃ अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। लखनऊ में 11.5℃ न्यूनतम और 28℃ अधिकतम तामपान रिकॉर्ड किया गया है।
Read Also: