– घायल एसआई जितेन्द्र दानी को बायें पैर की एड़ी में लगे छर्रे, हेलीकाप्टर से भजा गया रांची
– 1 करोड़ के ईनामी मिसिर बेसरा के दस्ते के विचरण की सूचना पर चलाया जा रहा सघन अभियान
– छोटानागरा थानान्तर्गत वनग्राम बलिबा के पास जंगली रास्ते में नक्सलियों ने बिछा रखा था बम
– बलिबा वन ग्राम के रास्ते से सुरक्षाबलों ने पांच किलोग्राम का आइईडी बरामद कर किया विनिष्ट
चाईबासा : cobra 209 battalion : सारंडा जंगल के बीहड़ों में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के क्रम में गुरुवार को सुरक्षाबलों को बड़ी क्षति पहुंचाने की कोशिश की गयी। इस क्रम में किये गये एक आइईडी विस्फोट की चपेट में कोबरा 209 बटालियन के सब इंस्पेक्टर जितेन्द्र दानी आ गये। इस विस्फोट में घायल हुए जितेन्द्र दानी को सीआरपीएफ के बेस कैंप में प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल सेना के हेलीकाप्टर से रांची भेजा गया। रांची के राज हास्पिटल में भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है।
जितेन्द्र दानी को बायें पैर के एड़ी में छर्रे लगे हैं। डाक्टर का कहना है, मरीज खतरे से बाहर है। राज हास्पिटल में घायल सब इंस्पेक्टर को देखने रांची जोन के आईजी अखिलेश झा अस्पताल पहुंचे। उन्होंने एसआइ से स्वास्थ्य संबंधित जानकारी ली। इसके उपरांत चिकित्सक को जवान के बेहतर उपचार के संबंध में निर्देश दिया।
घटना की जानकारी देते हुए पश्चिमी सिंहभूम जिले के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनल, अनमोल, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन के अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा एवं कोल्हान क्षेत्र में भ्रमणशील होने की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आलोक में 7 अगस्त से एक संयुक्त अभियान छोटानागरा एवं जराईकेला थाना के सीमावर्ती जंगली क्षेत्र में प्रारंभ किया गया है।
अभियान के दौरान 8 अगस्त को सुबह साढे़ सात बजे छोटानागरा थानान्तर्गत वनग्राम बलिबा के आस-पास जंगली-पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को लक्षित करने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाये गये आइईडी को विस्फोट किया गया, जिसकी चपेट में आने से कोबरा 209 बटालियन के सब इंस्पेक्टर जितेन्द्र दानी जख्मी हो गये। उक्त जख्मी पदाधिकारी की स्थिति स्थिर है।
पुलिस बल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मुख्यालय रांची एवं सीआरपीएफ झारखण्ड सेक्टर के सहयोग से हेलीकाप्टर के माध्यम से तत्काल प्राथमिकी उपचार के पश्चात जख्मी पदाधिकारी को उच्चत्तर इलाज के लिए रांची भेजा गया।
संचालित नक्सल विरोधी अभियान जारी है। अभियान के क्रम में वनग्राम बलिबा के आस-पास जंगली व पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों को लक्षित करने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाये गये पांच किलोग्राम के एक आइईडी को बरामद कर सुरक्षा के दृष्टिकोण से उसी स्थान पर बम निरोधक दस्ता के सहायता से विनिष्ट किया गया है।