रांची: भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने डोरंडा में स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा से लेकर डॉ राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा तक एक भव्य मानव श्रृंखला का आयोजन किया। यह श्रृंखला स्वामी विवेकानंद चौक और स्वर्गीय देवेंद्र मांझी चौक से होते हुए गुजरी। इस दौरान कतारबद्ध कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को संविधान की प्रति सौंपते हुए संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने की, जबकि मुख्य अतिथि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू रहे। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद सभी ने स्वामी विवेकानंद और डॉ राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर भी पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान के राजू ने कहा कि मानव श्रृंखला के माध्यम से देश को यह संदेश दिया गया है कि कांग्रेस संविधान की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार है। भाजपा संविधान को हटाकर मनुस्मृति लागू करना चाहती है। जबकि कांग्रेस समता, समरसता और जनभागीदारी के संवैधानिक मूल्यों की पक्षधर है।
भाजपा संविधान के प्रावधानों पर कर रही हमला
प्रदेश अध्यक्ष कमलेश ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान के प्रावधानों पर हमला कर रही है, जबकि कांग्रेस बाबा साहब के विचारों पर चलकर संविधान को बचाने के अभियान में जुटी है। कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि अगर भाजपा सफल हुई तो देश मनुस्मृति के युग में चला जाएगा। यह लड़ाई दो विचारधाराओं की है एक जो समाज को जोड़ना चाहती है और दूसरी जो बांटना चाहती है। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि कांग्रेस के मानव श्रृंखला कार्यक्रम ने संविधान को एक दूसरे के साथ जोड़े रखने का संदेश दिया है। आज के दिन हाथ में संविधान और मन में अधिकार पाने का संकल्प लिए आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि आज डॉ भीमराव अंबेडकर को नमन करने वालों की भीड़ लगी है। कल तक अपने संगठन कार्यालय में तिरंगा झंडा फहराने से परहेज करने वाले भी आज जय भीम का नारा लगा रहे है।
संविधान के मूल उद्देश्य प्रदर्शित
इससे पहले राजेंद्र चौक पर संविधान की प्रति ग्रहण कर केशव महतो कमलेश ने इसे के राजू को सौंपा। राजू ने संविधान की प्रति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा के समक्ष रखते हुए कार्यकर्ताओं को संविधान की रक्षा का संकल्प दिलाया। इस मौके पर एक झांकी भी निकाली गई, जिसमें संविधान के मूल उद्देश्यों को प्रदर्शित किया गया। सभा को अम्बा प्रसाद, डॉ. प्रदीप बलमुचू, सुरेश बैठा, ममता देवी और अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। वहीं कार्यक्रम का संचालन महानगर अध्यक्ष कुमार राजा और धन्यवाद ज्ञापन जिला ग्रामीण अध्यक्ष राकेश किरण महतो ने किया।