पाकुड़ : थाना क्षेत्र के बड़केंदुआ नीचे टोला में शनिवार की देर रात सोबेन मरांडी ने दंपती पर तलवार से हमला कर दिया। इससे 50 वर्षीय मदन टुडू की मौत हो गई, जबकि मदन की पत्नी 46 वर्षीय रोशो मुर्मू गंभीर रुप से जख्मी हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित सोबेन को सोमवार की सुबह उसके घर नारगीटोला से गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पुत्री सनोती टुडू ने सोबेन के विरुद्ध रविवार की शाम प्राथमिकी कराई है। सोबेन जबरन मृतक की पुत्री सनोती से शादी करना चाहता था। जिस कारण सोबेन व सनोती के मां-पिता के बीच विवाद हुआ था।
मृतक की पुत्री ने बताया कि वह थाना क्षेत्र में लगने वाली आदिवासी मेला में नाच-गान का कार्यक्रम करती थी। दो वर्ष पूर्व नारगीटोला में सोबेन के साथ उसकी मुलाकात हुई। इसके बाद फोन पर दोनों की बातचीत होने लगी। सनोती के मां-पिता सोबेन के साथ अपनी पुत्री की शादी नहीं करना चाहते थे।
सनोती के मां-पिता ने सोबेन को उनके पुत्री से दूर रहने के चेतावनी भी दी थी। हालांकि इसके बाद भी सोबेन उसका पीछा नहीं छोड़ा। सोबेन एक दिन सनोती का घर आया और मां-पिता को धमकाकर सनोती को अपने साथ लेकर नारगीटोला चला गया। सनोती को बंद कमरे में रखता था तथा पिटाई भी करता था। सनोती के पिता ने इसकी शिकायत ग्राम प्रधान से की। ग्राम प्रधान ने पंचायती में फैसला सुनाया, लेकिन सोबेन फैसला मानने से इंकार कर दिया। कुछ दिन बाद सनोती अपना घर बड़केंदुआ चली गई। सनोती व सोबेन के बीच बातचीत बंद हो गई। कुछ माह बाद सोबेन अचानक सनोती का घर पहुंच उनके मां-पिता के उपर जबरन शादी का दबाव बनाने लगा।
शादी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। 18 नवंबर की रात सनोती सहित उनका परिवार घर पर सो रहे थे। इसी बीच सोबेन ने दरवाजा खटखटाया। सनोती व उसकी छोटी बहन मुकु टुडू दरवाजा खोली तो देखा कि सोबेन तलवार लेकर खड़ा है। दोनों बहनें चिल्लाने लगी। इसी बीच सोबेन भाग निकला। दोनों बहनें जब मां-पिता के पास पहुंची तो देखा कि दोनों घायलावस्था में पड़ा हुआ है।
ग्रामीणों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मदन ने दम तोड़ दिया। गंभीर रुप से घायल रोशो को बेहतर इलाज के लिए बंगाल रेफर कर दिया। रोशो की हालत गंभीर है। इधर, पुलिस ने आरोपित सोबेन को गिरफ्तार करते हुए हथियार भी बरामद कर लिया है।
वर्जन…
धारदार हथियार से दंपती पर हमला हुआ है। इसके एक की मौत हुई है। आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने हथियार भी बरामद कर लिया है।
नवनीत हेम्ब्रम, एसडीपीओ
महेशपुर, पाकुड़