आरा (भोजपुर): बिहार के भोजपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर लोगों के बीच दहशत फैलाने की कोशिश की है। पिछले 48 घंटे में यहां अपराधी तांडव करते हुए सात लोगों को गोली मार दी। इनमें दो लोगों की मौत हो गई। इस घटनाक्रम ने पूरे जिले में भय का माहौल बना दिया है और अपराध नियंत्रण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
5 हजार के विवाद में युवक की हत्या
गुरुवार की देर रात हसनबाजार थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में महज 5 हजार रुपये के विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान संतोष चौधरी (उर्फ छोटन चौधरी) के रूप में हुई है। मृतक के पिता रामाश्रय चौधरी ने बताया कि उनके बेटे ने भूली चौधरी को कुछ पैसे उधार दिए थे। जब वह उधारी वापस मांगने गया, तो उसे गाली गलौज कर भगा दिया गया। रामाश्रय ने बताया कि कुछ समय पहले भी उनके बेटे को उसी व्यक्ति और उसके साथियों ने पीटा था।
गुरुवार को जब संतोष ने फिर से पैसे के लिए संपर्क किया, तो भूली चौधरी और मुन्ना सिंह ने गाली-गलौज की। इसके बाद मुन्ना सिंह ने संतोष पर हथौड़ा से हमला किया, जबकि भूली ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने के बाद संतोष की मौत हो गई। हमलावर मौके से फरार हो गए।
रौशन कुमार पर ताबड़तोड़ फायरिंग
वहीं दूसरी घटना नगर थाना क्षेत्र के रमागढ़िया मोहल्ले की है। यहां रौशन कुमार नामक युवक को रात के समय ताबड़तोड़ चार गोलियां मारी गईं। रौशन ने बताया कि वह बिस्किट खरीदने के लिए मोहल्ले में निकला था। कुछ लोग जिनमें पिंटू और अन्य शामिल थे, शराब पीकर झगड़ा कर रहे थे। रौशन ने कहा कि उन लोगों ने उसे बुलाया और उसे गुंडा कहकर धमकाया। फिर तीन बदमाशों ने गोली चला दी। रौशन को तुरंत निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई।
क्रिकेट विवाद में गोलीबारी
इसके अलावा 29 जनवरी को भोजपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान भी गोलीबारी हुई। यहां दो युवकों के बीच मारपीट और गोलीबारी की घटना हुई। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मोबाइल दुकानदार की हत्या
28 जनवरी को भोजपुर में मोबाइल दुकानदार की हत्या की घटना भी सामने आई। अपराधियों ने उसे नजदीक से पांच गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शिक्षक पर गोलीबारी
इसके अलावा विगत 26 जनवरी को बहोरनपुर थाना क्षेत्र के बहोरनपुर और दामोदरपुर गांव के बीच एक शिक्षक को गोली मारी गई। शिक्षक स्कूल से घर लौट रहे थे, तभी उन पर हमला किया गया।
बढ़ रहीं आपराधिक घटनाएं, उठ रहे सवाल
भोजपुर में लगातार हो रही इन आपराधिक घटनाओं ने जिला प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिले में अपराधियों का मनोबल इस हद तक बढ़ चुका है कि वे बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इस तरह की घटनाएं जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़ा करती हैं। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई के बावजूद अपराधी बड़ी आसानी से घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, और पुलिस प्रशासन इस पर काबू पाने में नाकाम नजर आ रहा है। जिले में बढ़ते अपराध और गोलीबारी की घटनाओं ने लोगों को दहशत में डाल दिया है।
अपराधियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस ने इन घटनाओं में शामिल अपराधियों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक किसी भी अपराधी को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। भोजपुर के पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इन घटनाओं में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और उन्हें सख्त सजा दिलवाने की पूरी कोशिश की जाएगी।
Read Also- FIRING IN PATNA : पटना में वर्चस्व की लड़ाई में ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत का माहौल