सेंट्रल डेस्क। दिल्ली विधानसभा चुनाव प्रचार के केंद्र में अब यमुना नदी आ गई है। इस मुद्दे के साथ, भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर एक नया हमला शुरू कर दिया है। आज शनिवार की तड़के सुबह बीजेपी की नई दिल्ली विधानसभा सीट से उम्मीदवार प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल का होल बॉडी कट-आउट लेकर यमुना नदी में नाव की सवारी की। उनके साथ उनकी पार्टी के सहयोगी भी मौजूद रहे।
बीजेपी नेता ने कट-आउट को डुबाया नदी में
कट-आउट में, केजरीवाल को नारे के साथ शर्म से अपना कान पकड़े हुए देखा जा सकता है। इस कटआउट वाले नाव में लिखा हुआ है कि “मैं फेल हो गया, मुझे वोट मत देना, 2025 तक मैं यमुना साफ नहीं कर पाया।”
11 साल में साफ नहीं हो पाई यमुना
बीजेपी नेता ने मीडिया के सामने कई बार कटआउट को गंगा में डुबोया और कहा कि “हम यमुना मैया का सारा पानी साफ कर सकते हैं। इसे साफ करना कोई रॉकेट साइंस नहीं है। मशीनों से सारी गाद निकाली जाए, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाएं और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाएं। जैसे हमारे प्रधानमंत्री मोदी जी ने साबरमती रिवरफ्रंट का निर्माण किया था, उसी तरह यमुना रिवरफ्रंट का निर्माण किया जा सकता है। 11 साल बहुत लंबा समय होता है। इतने लंबे समय में भी यमुना नदी साफ नहीं हो पाई है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव: यमुना प्रदूषण केंद्र में
यमुना नदी प्रदूषण, दिल्लीवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण चिंता का विषय है। राष्ट्रीय राजधानी के राजनीतिक परिदृश्य में एक प्रमुख विषय माना जाता रहा है। यमुना नदी वर्षों से भारी प्रदूषित हो रही है और सत्तारूढ़ आप 2025 तक इसे साफ करने का वादा किया था, जिसमें वे विफल रही है। विपक्षी दलों ने प्रदूषित पानी से उत्पन्न स्वास्थ्य जोखिमों से निराश दिल्ली के मतदाताओं की चिंताओं को मुद्दा बनाया है।
यमुना नदी के मसले पर नेताओं के बीच तनातनी
इससे पहले, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा यमुना नदी के प्रदूषण को लेकर आप नेता अरविंद केजरीवाल पर हमला किया था। इसके बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने अरविंद केजरीवाल का बचाव किया। योगी आदित्यनाथ पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने सवाल किया कि क्या उत्तर प्रदेश के सीएम मथुरा में यमुना नदी से पानी का एक घूंट लेने की हिम्मत करेंगे।