Home » 29 सितंबर तक फिर बनेगी चक्रवात की स्थिति, राज्य में होगी तेज वर्षा

29 सितंबर तक फिर बनेगी चक्रवात की स्थिति, राज्य में होगी तेज वर्षा

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : राज्य में मानसून की विदाई किसानी के लिए राहत भरी रही है। पिछले एक सप्ताह में पूरे राज्य में अच्छी वर्षा हुई है। जिसका लाभ किसानों के साथ साथ आमजनों को भी मिल रहा है। तापमान में गिरावट ने जहां गर्मी से राहत दी है वहीं राजधानी रांची में तो रात्रि पहर लोग चादर तक निकाल चुके हैं। 25 सितंबर को राज्य के कई जगहों पर मेघ गर्जन व वज्रपात की संभावना है और इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटे में पूरे राज्य में मानसून की गतिविधि सामान्य बनी रही। झारखंड में मानसून की गतिविधि पिछले 24 घंटे के दौरान सामान्य रही। राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई है। सबसे अधिक वर्षा 57.2 मिलीमीटर गोड्डा के पथरगामा में दर्ज की गई।

इस दौरान सबसे अधिक उच्चतम तापमान भी गोड्डा में ही रिकार्ड किया गया। यहां का उच्चतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रांची में दर्ज किया गया। बता दें कि झारखंड, बिहार और उससे सटे उत्तर प्रदेश में चक्रवात की स्थिति बनी हुई है।

झारखंड से गुजर रहा टर्फ लाइन गुजर रहा है और इसका असर भी दिख रहा है। 29 सितंबर तक उत्तरी अंडमान सागर और उससे सटे इलाकों में एक और साइक्लोन बनने की संभावना है। इसके असर से उत्तरी अंडमान सागर और उससे सटे बंगाल की खाड़ी में अगले 24 घंटे के दौरान निम्न दबाव का क्षेत्र बनेगा। इसके बाद यह पश्चिम और पश्चिमोत्तर की ओर बढ़ेगा और धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर लेगा।

अधिकतम तापमान में नहीं होगा बड़ा बदलाव :

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार 25 सितंबर को भी झारखंड में कहीं-कहीं वर्षा होगी। वज्रपात होने की भी आशंका है इसलिए मौसम केंद्र ने येलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिनों में झारखंड के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में उच्चतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। कहा कि 25 सितंबर को कई जगहों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है।

26 सितंबर को कुछ जगहों पर हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा होगी जबकि 27 और 28 सितंबर को सूबे के उत्तर-पश्चिमी, दक्षिणी तथा उससे सटे मध्य भागों यानी रांची, रामगढ़, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है। उत्तर पश्चिमी जिलों में पलामू प्रमंडल (गढ़वा, पलामू, लातेहार) के अलावा चतरा, कोडरमा और लोहरदगा जिले आते हैं। इससे सटे मध्य इलाकों में राजधानी रांची और रामगढ़ जिले आते हैं। इन आठ जिलों में कुछ जगहों पर 27-28 सितंबर को वर्षा हो सकती है।

READ ALSO : क्या हैं राष्ट्रीय विज्ञान पुरस्कार, क्या है इनका उद्देश्य, जानें विस्तार से

सामान्य से कम हुई वर्षा :

अभिषेक आनंद ने बताया कि झारखंड में अब तक सामान्य से कम वर्षा हुई है। 20 प्रतिशत कम या ज्यादा को सामान्य वर्षा माना जाता है। 1 जून से 24 जून तक 984.7 मिलीमीटर वर्षा को सामान्य वर्षा माना जाता है। लेकिन इस साल अब तक 713.8 मिलीमीटर वर्षा हुई है। जो सामान्य से 28 प्रतिशत कम है। वहीं रांची में अब तक 718 मिमी वर्षा हुई है जबकि पूर्वानुमान 1003.2 मिमी का था। साहेबगंज, गोड्डा और सिमडेगा जिले में सामान्य वर्षा हुई है।

बोकारो, सरायकेला खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम में भी सामान्य वर्षापात हुआ है। साहेबगंज में 1113.5 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी जबकि यहां 13 प्रतिशत अधिक 1255.4 मिमी वर्षा अब तक हुई है। गोड्डा में इस अवधि के लिए सामान्य वर्षापात 860.4 मिमी है, जबकि यहां अब तक 935.4 मिमी वर्षा हो चुकी है।

सिमडेगा में 1258.9 मिमी की जगह अब तक 1188.3 मिमी वर्षा हुई है, जो छह प्रतिशत कम है। वहीं बोकारो में 871.9 मिमी की जगह 739.9 मिमी वर्षा हुई है, जो 15 प्रतिशत कम है। वहीं सरायकेला-खरसावां में 977.9 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी, लेकिन हुई है 808.1 मिमी हुई है। इसी तरह पश्चिमी सिंहभूम में 974 मिमी की बजाय सिर्फ 801.7 मिमी वर्षा हुई है, जो 18 प्रतिशत कम है।

Related Articles