रांची : होली का त्योहार शहरभर में धूमधाम से संपन्न हो गया। लेकिन इसके साथ ही सडकों पर दिख रही गंदगी ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। होलिका दहन के बाद निकला मलबा और कचरा शहर के कई हिस्सों में पड़ा हुआ है। जिससे इलाके में गंदगी का आलम है। बता दें कि अधिकारियों ने होलिका दहन के बाद मलबे के उठाव के लिए तत्काल निर्देश दिए थे। इसके बावजूद शहर के कई इलाकों में अभी भी कचरा और मलबा पड़ा हुआ हैं।
मुख्य सड़कों से तो कचरा हटाया गया है, लेकिन कई कॉलोनियों और गली-मोहल्लों में सफाई की स्थिति अभी भी वैसी ही है। इस बीच शहर की राइजिंग पाइपलाइन भी फट गई है। जिससे कि हजारों गैलन पानी बेकार में बह गया। जिसे देखने वाला कोई नहीं है।
विशेष अभियान चलाने का था निर्देश
नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को लेकर होली के अवसर पर विशेष अभियान चलाने का आदेश जारी किया था। जिसमें यह सुनिश्चित करने का निर्देश था कि होलिका दहन के बाद उत्पन्न होने वाला मलबा और कचरा तुरंत हटाया जाए। इसके अतिरिक्त, मुख्य मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाने का भी निर्देश दिया गया था। जिससे कि होली के दिन शहर में स्वच्छता बनी रहे और नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
घरों से भी नहीं उठा कचरा
नगर निगम ने यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था कि गार्बेज कलेक्शन नियमित रूप से किया जाए। त्योहार के दौरान शहर के संपर्क मार्गों की स्वीपिंग का कार्य भी नियमित रूप से हो। इसके साथ ही सभी नालियों की सफाई भी की जाए। लेकिन कई इलाकों में कचरा उठाने वाली गाड़ियां ही नहीं पहुंची। इस वजह से घरों का कचरा डस्टबिन में ही पड़ा रहा।

पाइपलाइन फटने से पानी हो रहा बर्बाद
कोकर चौक स्थित पगला बाबा आश्रम के पास सप्लाई वाली राइजिंग लाइन फट गई। जिससे कि घंटों तक हजारों गैलन पानी रोड पर बहता रहा। इस वजह से एक रास्ता भी ब्लाक हो गया। लोग दूसरे रास्ते से होते हुए अपने घरों को गए। वहीं बाजार जाने के लिए भी लोगों ने दूसरे रास्ते को चुना। हालांकि कई लोगों ने विभाग को इसकी सूचना दी। लेकिन तब तक पानी का बहना जारी था।
Read Also: Adityapur Police : जयराम लूटकांड का खुलासा, दो हिस्ट्रीशीटर बदमाश गिरफ्तार