Home » New Delhi Station stampede : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में मरने वालों की संख्या 18 हुई, बिहार के 9, दिल्ली के 8 और हरियाणा का एक….

New Delhi Station stampede : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में मरने वालों की संख्या 18 हुई, बिहार के 9, दिल्ली के 8 और हरियाणा का एक….

रेलवे स्टेशन पर जांच करने पहुंची अधिकारियों की टीम, CCTV सुरक्षित रखने के आदेश

by Rakesh Pandey
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

सेंट्रल डेस्क : नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात भगदड़ मच गई। इस हादसे में मरने वालों की संख्या 18 हो गई है। इसमें बिहार, दिल्ली और हरियाणा से आए श्रद्धालुओं की जान चली गई। हादसा रात करीब 10 बजे प्लेटफार्म 13 और 14 पर हुआ, जब प्रयागराज के महाकुंभ में जाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हो रहे थे और ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे थे। अचानक भगदड़ मचने से कई लोग दब गए, जिनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। वहीं, भीड़भाड़ और हंगामे के कारण नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मचने के दावों का रेलवे के अधिकारियों ने खंडन किया है। रेलवे ने कहा कि यह घटना महाकुंभ के हजारों श्रद्धालुओं के प्लेटफार्मों पर एकत्र होने के बाद हुई।

इस घटना पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन (एनडीएलएस) पर स्थिति नियंत्रण में है। दिल्ली पुलिस और आरपीएफ मौके पर पहुंच गई है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। अचानक हुई भीड़ को निकालने के लिए विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। उधर, रेलवे बोर्ड में इंफॉर्मेशन एंड पब्लिसिटी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर दिलीप कुमार ने रविवार को बताया कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन मामले की जांच करने और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए दो सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है।

New Delhi Station stampede : मृतकों की पहचान और हादसे का विवरण

हादसे में जिन 18 लोगों की मौत हुई, उनमें बिहार के 9, दिल्ली के 8 और हरियाणा के एक निवासी का नाम शामिल है। मृतकों में 9 महिलाएं, 5 बच्चे और 4 पुरुष थे। बिहार के बक्सर, सारण, समस्तीपुर, वैशाली और मुजफ्फरपुर जैसे जिलों से आए लोग इस हादसे का शिकार हुए। इनमें 79 साल की आहा देवी से लेकर 7 साल की रिया सिंह तक शामिल हैं।

New Delhi Station stampede : प्रत्यक्षदर्शियों का बयान

घटना के बाद कई प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्टेशन पर भीड़ बहुत अधिक थी और लोग फुट ओवर ब्रिज पर एकत्र हो गए थे। उन्होंने यह भी कहा कि इतने बड़े पैमाने पर भीड़ को नियंत्रित करना संभव नहीं था, हालांकि एनडीआरएफ और प्रशासन के लोग मौके पर मौजूद थे। लेकिन स्थिति इतनी बिगड़ गई कि भगदड़ मच गई।

New Delhi Station stampede : राजनीतिक प्रतिक्रियाएं

इस दुखद घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और कई अन्य नेताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मामले में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दुख जताया है। राष्ट्रपति के ऑफिस ने एक्स पर लिखा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ में लोगों की मौत के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।

‘एक बार फिर रेलवे की नाकामी उजागर’

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने भी घटना पर दुख जताया है। राहुल ने एक्स पर लिखा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ मचने से कई लोगों की मृत्यु और कईयों के घायल होने की खबर अत्यंत दुखद और व्यथित करने वाली है। शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं। यह घटना एक बार फिर रेलवे की नाकामी और सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करती है। प्रयागराज जा रहे श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्टेशन पर बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए थे। सरकार और प्रशासन को सुनिश्चित करना चाहिए कि बदइंतजामी और लापरवाही के कारण किसी को अपनी जान न गंवानी।

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने भी हादसे पर शोक जताया और घायलों की मदद के लिए आवश्यक कदम उठाए। दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी भी घटनास्थल पर पहुंचीं और घायलों का हाल जाना।

प्रियंका गांधी ने घटना पर दुख जताया

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भीड़ की वजह से मची भगदड़ में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

New Delhi Station stampede : घायलों को अस्पताल भेजा गया

घायलों को तुरंत एलएनजेपी (लोकनायक जयप्रकाश नारायण) और लेडी हार्डिंग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अस्पतालों में भर्ती घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है, हालांकि कुछ घायलों की हालत गंभीर थी। एलएनजेपी अस्पताल में 15 शवों को लाया गया था, जिनमें से कुछ की पहचान अभी तक नहीं हो पाई थी।

New Delhi Station stampede : कांग्रेस और बीजेपी की प्रतिक्रिया

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह हादसे में हुई मौतों की संख्या छिपाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार मृतकों और घायलों की सही संख्या का तुरंत खुलासा करे और पारदर्शिता सुनिश्चित करे। वहीं, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी अस्पताल का दौरा किया और कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने डॉक्टरों से बात की है और सभी घायलों का इलाज करने के लिए निर्देश दिए हैं।

New Delhi Station stampede : रेलवे ने गठित की जांच समिति

रेलवे बोर्ड ने इस घटना की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया है। इस समिति का उद्देश्य घटना के कारणों का पता लगाना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उपायों की सिफारिश करना है। रेलवे अधिकारियों ने दावा किया है कि यह घटना महाकुंभ के लिए श्रद्धालुओं के प्लेटफार्मों पर एकत्र होने के बाद हुई, न कि किसी अन्य कारण से।

New Delhi Station stampede : रक्षा मंत्री ने जताई संवेदना

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ से लोगों की मौत से मैं बहुत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।

New Delhi Station stampede : हादसे में किसकी जान गई

  1. आहा देवी (79 वर्ष) पत्नी रविन्दी नाथ निवासी बक्सर, बिहार
  2. पिंकी देवी (41 वर्ष) पत्नी उपेन्द्र शर्मा निवासी संगम विहार, दिल्ली
  3. शीला देवी (50 वर्ष) पत्नी उमेश गिरी निवासी सरिता विहार, दिल्ली
  4. व्योम (25 वर्ष) पुत्र धर्मवीर निवासी बवाना, दिल्ली
  5. पूनम देवी (40 वर्ष) पत्नी मेघनाथ निवासी सारण, बिहार
  6. ललिता देवी (35 वर्ष) पत्नी संतोष निवासी परना, बिहार
  7. सुरुचि (11 वर्ष) पुत्री मनोज साह निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार
  8. कृष्णा देवी (40 वर्ष) पत्नी विजय साह निवासी समस्तीपुर, बिहार
  9. विजय साह (15 वर्ष) पुत्र राम सरूप साह निवासी समस्तीपुर, बिहार
  10. नीरज (12 वर्ष) पुत्र इंद्रजीत पासवान निवासी वैशाली, बिहार
  11. शांति देवी (40 वर्ष) पत्नी राज कुमार मांझी निवासी नवादा, बिहार
  12. पूजा कुमार (8 वर्ष) पुत्री राज कुमार मांझी निवासी नवादा, बिहार
  13. संगीता मलिक (34 वर्ष) पत्नी मोहित मलिक निवासी भिवानी, हरियाणा
  14. पूनम (34 वर्ष) पत्नी वीरेंद्र सिंह निवासी महावीर एन्क्लेव, दिल्ली
  15. ममता झा (40 वर्ष) पत्नी विपिन झा निवासी नांगलोई, दिल्ली
  16. रिया सिंह (7 वर्ष) पुत्री ओपिल सिंह निवासी सागरपुर, दिल्ली
  17. बेबी कुमारी (24 वर्ष) पुत्री प्रभु साह निवासी बिजवासन, दिल्ली
  18. मनोज (47 वर्ष) पुत्र पंचदेव कुशवाह निवासी नांगलोई, दिल्ली

हादसे को लेकर रेलवे ने जारी किया आधिकारिक बयान, जानें क्या कहा

उत्तर रेलवे के CPRO हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि कल जब यह दुखद घटना हुई, उस समय नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 14 पर पटना की ओर जाने वाली मगध एक्सप्रेस और प्लेटफार्म नंबर 15 पर जम्मू की ओर जाने वाली उत्तर संपर्क क्रांति खड़ी थी। इसी दौरान फुट ओवर ब्रिज से प्लेटफार्म नंबर 14-15 की ओर आने वाली सीढ़ियों पर एक यात्री के फिसलकर गिरने से उनके पीछे खड़े कई यात्री इसकी चपेट में आ गए और यह दुखद घटना घटी। एक उच्च स्तरीय समिति इसकी जांच कर रही है। कोई भी ट्रेन रद्द नहीं की गई थी और ना ही किसी ट्रेन का प्लेटफॉर्म बदला गया था। अब प्लेटफॉर्म पर स्थिति सामान्य है। सभी ट्रेनें अपने सामान्य समय पर चल रही हैं ।

रेलवे स्टेशन पर जांच करने पहुंची अधिकारियों की टीम, CCTV सुरक्षित रखने के आदेश

रेल अधिकारी जो मौके पर पहुंच जांच कर रहे हैं, उनकी तरफ से सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सभी सीसीटीवी को सुरक्षित रखा जाएगा। असल में इन फुटेज के आधार पर ही हादसे की वजह से जानने की कोशिश रहेगी।

Read Also-New Delhi: रेलवे स्टेशन पर प्रयागराज जाने वाले यात्रियों के बीच भगदड़, 15 की मौत, कई घायल…

Related Articles