सेंट्रल डेस्क : दिल्ली में चल रहे यमुना के पानी पर विवाद में अब महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी कूद पड़े हैं। फडणवीस ने गुरुवार को आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों के प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर जोरदार हमला बोला। फडणवीस ने कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने वादा किया था कि वह यमुना नदी को साफ करेंगे और अपनी कैबिनेट के साथ उसमें डुबकी लगाएंगे।
अब दिल्ली से अलविदा हो जाइए
बलबीर नगर में एक रैली को संबोधित करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल ने वादा किया था कि वह यमुना नदी को साफ करेंगे और अपनी कैबिनेट के साथ उसमें डुबकी लगाएंगे और वोट मांगेंगे। लेकिन यमुना का पानी पहले से भी ज्यादा गंदा हो गया है… अरविंद केजरीवाल जी अब अपनी कैबिनेट के साथ चुल्लू भर पानी में डुबकी मारिए और दिल्ली से अलविदा हो जाइए… यही दिल्ली के लोग आपको कह रहे हैं’।
दिल्ली की महिलाएं लाएंगी दिल्ली में बदलाव
फडणवीस ने गोकलपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार प्रवीण निमेश के लिए प्रचार करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि बीजेपी दिल्ली में जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली ने अपना मन बना लिया है। दिल्ली के लोग बीजेपी के साथ जाने वाले हैं। दिल्ली की महिलाएं दिल्ली में बदलाव लाने वाली हैं। दिल्ली की बहनें तय कर चुकी हैं कि वे झूठी केजरीवाल सरकार को घर बैठाकर बीजेपी सरकार को लाएंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली में बीजेपी सरकार बनेगी।
अगर देश में सबसे बेईमान व्यक्ति का चुनाव हो, तो वह केजरीवाल होंगे
फडणवीस ने आगे केजरीवाल पर समाजसेवी अन्ना हज़ारे से विश्वासघात करने का भी आरोप लगाया, यह दावा करते हुए कि उन्होंने अन्ना हज़ारे को किनारे कर दिल्ली के मुख्यमंत्री पद पर बैठने की साजिश की।
आगे उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग अरविंद केजरीवाल का दस साल का शासन देख चुके हैं। जब केजरीवाल दिल्ली आए थे, तो उन्होंने अन्ना हज़ारे का हाथ पकड़कर कहा था कि भ्रष्टाचार को समाप्त करना है। दिल्ली को सजाना है, ऐसी बातें की थीं। मुझे नहीं पता कब उन्होंने अन्ना हज़ारे को किनारे किया और खुद दिल्ली की सीट (सीएम पद) पर बैठ गए। मैं महाराष्ट्र से हूं और मैं हमेशा अन्ना हज़ारे से मिलता हूं, जो कहते हैं कि अगर देश में सबसे बेईमान व्यक्ति का चुनाव हो, तो वह केजरीवाल होंगे।
ओलपंकि हो तो आप गोल्ड मेडल जीतेगी
फडणवीस ने आगे कहा, अगर झूठ और भ्रष्टाचार की ओलंपिक प्रतियोगिता आयोजित किया जाए, तो अरविंद केजरीवाल और AAP पार्टी के नेता सभी गोल्ड मेडल जीतेंगे। दिल्ली विधानसभा चुनावों के करीब आते ही तीन प्रमुख दलों: AAP, बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है। दिल्ली में 5 फरवरी को एक चरण में मतदान होगा, जबकि मतगणना 8 फरवरी को की जाएगी।
कांग्रेस, जो दिल्ली में 15 साल तक राज कर चुकी थी, पिछले दो चुनावों में कोई सीट नहीं जीत पाई है। इसके विपरीत, AAP ने 2020 के विधानसभा चुनावों में 70 में से 62 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था, जबकि बीजेपी केवल आठ सीटें जीत पाई थी।