फीचर डेस्क : धनतेरस का त्योहार हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। इसे धन त्रयोदशी भी कहा जाता है। इस दिन समुद्र मंथन से भगवान धन्वंतरि का प्रकट होना माना जाता है, जिसके कारण इसे धन्वंतरि जयंती के रूप में भी मनाया जाता है। धन्वंतरि को आदि वैद्य के रूप में भी पूजा जाता है। धनतेरस के दिन चिकित्सक, खासकर वैद्य ऋषि धन्वंतरि की पूजा करते हैं।
धनतेरस 2024 की तिथि, खास मुहूर्त
इस साल धनतेरस का त्योहार 29 अक्टूबर, मंगलवार को मनाया जाएगा। त्रयोदशी तिथि 29 अक्टूबर को प्रातः 10.31 बजे से शुरू होगी और 30 अक्टूबर को अपराह्न 1.15 बजे समाप्त होगी। ऐसे में इस बार धनतेरस पर 29 व 30 अक्टूबर, दोनों दिन बाजार में चहल-पहल रहेगी।
पूजा का शुभ समय
इस दिन पूजा के लिए सबसे शुभ समय संध्या 6.31 बजे से रात्रि 8.13 बजे तक का है। प्रदोष काल संध्या 5.38 बजे से रात्रि 8.13 बजे तक रहेगा, जबकि वृषभ काल का समय संध्या 6.13 बजे से रात्रि 8.27 बजे तक है।
सोना खरीदने का शुभ समय
पंडितों के अनुसार धनतेरस पर सोना खरीदने का विशेष महत्व है। इस साल सोना खरीदने का शुभ मुहूर्त 29 अक्टूबर को प्रातः 10:31 बजे से शुरू होकर अगले दिन 30 अक्टूबर को प्रातः 6:32 बजे तक रहेगा। इस दौरान आपके पास 20 घंटे 1 मिनट का समय होगा। इस समय में सोना, चांदी या अन्य कीमती सामान खरीदना या क्रय शुभ माना जाता है।
त्रिपुष्कर योग का महत्व
इस बार धनतेरस पर त्रिपुष्कर योग बन रहा है जो प्रातः 6.31 बजे से 10.31 बजे तक रहेगा। त्रिपुष्कर योग में किए गए कार्य तीन गुना फल देते हैं, इसलिए यह समय विशेष लाभकारी माना जाता है। इसके अलावा प्रातः 7.48 बजे तक इंद्र योग रहेगा, जो सभी कामों को सफल बनाता है।
धनतेरस का महत्व
धनतेरस के दिन देवी लक्ष्मी, कुबेर और भगवान धन्वंतरि की पूजा का विशेष महत्व है। देवी लक्ष्मी और कुबेर की पूजा से धन और समृद्धि की प्राप्ति होती है, जबकि धन्वंतरि की पूजा से स्वास्थ्य अच्छा बना रहता है। इस दिन लोग नए आभूषण, वाहन, मकान, दुकान और पीतल के बर्तन खरीदते हैं, जो समृद्धि का प्रतीक होते हैं।
खरीदारी के शुभ वस्त्र
यदि आपके पास कम धन है, तो धनिया, झाड़ू, नमक आदि खरीदना भी शुभ माना जाता है। धनतेरस पर की गई पूजा और खरीदारी से परिवार में सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की वृद्धि होती है।
Read Also- Maha Kumbh 2025 को लेकर सीएम Yogi का कड़ा निर्देश : सात स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था से लैस होगा मेला