Home » UNION BUDGET DISCUSSION: चैंबर भवन में केंद्रीय बजट पर परिचर्चा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कही ये बात

UNION BUDGET DISCUSSION: चैंबर भवन में केंद्रीय बजट पर परिचर्चा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कही ये बात

झारखंड के संदर्भ में कहा कि मोदी सरकार ने 2004-14 के बीच झारखंड को 56090 करोड़ रुपये की सहायता दी थी, जबकि 2014-24 के बीच यह राशि बढ़कर 2,26,444 करोड़ रुपये हो गई।

by Anurag Ranjan
UNION BUDGET DISCUSSION: चैंबर भवन में केंद्रीय बजट पर परिचर्चा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कही ये बात
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश आर्थिक प्रकोष्ठ की ओर से रविवार को रांची स्थित चैंबर भवन में केंद्रीय बजट 2025-26 पर एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। जिसमें केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, विधायक सीपी सिंह, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू समेत शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि केंद्रीय बजट 2025-26 विकसित भारत का हाइवे है, जिस पर बढ़ते भारत, बदलते भारत की गति से विकास हो रहा है।

उन्होंने इस बजट को 2047 तक भारत को एक समृद्ध और सशक्त राष्ट्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस बजट के माध्यम से मोदी सरकार ने समावेशी विकास, ग्रामीण समृद्धि, कृषि, एमएसएमई, बुनियादी ढांचा और निर्यात को प्राथमिकता दी है।

25 करोड़ लोग गरीबी से आए बाहर

उन्होंने कहा कि इस बजट में 6 प्रमुख दृष्टिकोण शामिल हैं। जिसमें विकास की गति बढ़ाना, समावेशी विकास सुनिश्चित करना, मध्यम वर्ग की क्रय शक्ति बढ़ाना, निजी निवेश को बढ़ावा देना और घरेलू भावना को मजबूत करना है। उन्होंने यह भी बताया कि मोदी सरकार ने पिछले एक दशक में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में केवल नारे लगाए गए थे।

उन्होंने झारखंड के संदर्भ में कहा कि मोदी सरकार ने 2004-14 के बीच झारखंड को 56090 करोड़ रुपये की सहायता दी थी, जबकि 2014-24 के बीच यह राशि बढ़कर 2,26,444 करोड़ रुपये हो गई। शेखावत ने कहा कि इस दौरान राज्य में 15.64 लाख ग्रामीण और 1.54 लाख शहरी आवास, 41.9 लाख शौचालय, जल जीवन मिशन के तहत 52.6% घरों में नल से जल और आयुष्मान भारत योजना के तहत 1.24 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई है।

विकसित राष्ट्र बनाने का कदम

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने मोदी सरकार की योजनाओं की सराहना की और कहा कि यह बजट भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस ने केवल नारे दिए, जबकि मोदी सरकार ने सच्चे विकास की दिशा में काम किया है। इस कार्यक्रम में अनेक राजनीतिक, सामाजिक और व्यावसायिक नेता भी उपस्थित थे।

Read Also: Congress MLA Meeting : कांग्रेस विधायक दल की बैठक, 12 विधायकों को झारखंड प्रभारी ने दिया ये टास्क

Related Articles