जमशेदपुर : जमशेदपुर में भुइयांडीह लिट्टी चौक-भिलाईपहाड़ी के बीच स्वर्णरेखा नदी पर प्रस्तावित ब्रिज अब एक स्पैन यानी 38 मीटर और लंबा बनेगा। जमशेदपुर पथ निर्माण विभाग के इस पुल की लंबाई बढ़ाने के नए प्रस्ताव को रांची की पथ निर्माण विभाग की सीओडी की टीम ने मंजूरी दे दी है। मंजूरी मिलने के बाद अब इस ब्रिज का नए सिरे से डीपीआर तैयार होने का काम शुरू कर दिया गया है। माना जा रहा है कि कुछ दिनों के अंदर ही नया डीपीआर तैयार हो जाएगा। नया डीपीआर तैयार होने पर इसकी लागत में इजाफा हो जाएगा।
अब 266 मीटर लंबा होगा पुल
यह पुल अब 266 मीटर लंबा होगा। पहले इस पुल की लंबाई 228 मीटर प्रस्तावित थी। पहले इस पुल की लंबाई 6 स्पैन रखी गई थी। अब इस पुल की लंबाई बढ़ा कर 7 स्पैन की जा रही है। पुल की लंबाई इसलिए बढ़ाई जा रही है, जिससे यह लंबी अवधि तक चले। स्वर्णरेखा नदी पर अक्सर जमशेदपुर में बाढ़ आती रहती है। जमशेदपुर के पथ निर्माण विभाग ने इसी को ध्यान में रखते हुए इस पुल की लंबाई को एक स्पैन यानी 38 मीटर और बढ़ाने का फैसला किया। पुल की चौड़ाई 50 मीटर रखी गई है।
बढ़ जाएगा पुल के निर्माण का खर्च
भुइयांडीह लिट्टी चौक-भिलाईपहाड़ी के बीच स्वर्णरेखा नदी पर प्रस्तावित ब्रिज की लागत अभी 77 करोड़ 77 लाख रुपये है। मगर, अब जब इसकी लंबाई बढ़ाई जा रही है तो इसकी लागत भी बढ़ जाएगी। इंजीनियरों का कहना है कि अब इसकी लागत में 10 करोड़ रुपये तक का इजाफा होने का अनुमान है। फिलहाल, रांची में पथ निर्माण विभाग इसका डीपीआर अब नए सिरे से तैयार कर रहा है। यह पुल साल 2026 में बन कर तैयार होना था। मगर, अब यह पुल लेट हो जाएगा। इंजीनियरों का कहना है कि पुल का निर्माण शुरू होने के बाद 18 महीने के अंदर इसे बनाना होगा।
Read also – Jamshedpur Homes : मकान बनाने के लिए पैसे नहीं हैं तो मत घबराएं, मानगो नगर निगम आएं