Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में सरकारी योजनाओं और सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए उपायुक्त अनन्य मित्तल के निर्देश पर सभी प्रखंडों और नगर निकायों में तैनात नोडल अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य पंचायत और वार्ड स्तर पर संचालित योजनाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता और प्रभावशीलता को सुनिश्चित करना है।
हर शनिवार को नोडल अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र का दौरा कर यह मूल्यांकन करते हैं कि जनता को सरकार की सुविधाएं जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और मनरेगा जैसी योजनाएं सही ढंग से मिल रही हैं या नहीं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति, स्वास्थ्य उपकेंद्रों में उपलब्ध दवाएं व स्टाफ, विद्यालयों में पढ़ाई की स्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, परिसर की स्वच्छता, मनरेगा योजनाओं की प्रगति, तथा पीडीएस दुकानों से राशन वितरण की प्रक्रिया का गहन अध्ययन किया।

जिला दण्डाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जहां-जहां कमियां पाई जाएं, वहां संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर समयबद्ध सुधार सुनिश्चित किया जाए और जिम्मेदार पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। उन्होंने कहा कि यह अभ्यास सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि लोगों तक गुणवत्तापूर्ण सेवाएं पहुंचाने की दिशा में एक ठोस कदम है।
किन अधिकारियों ने किया कहां का दौरा
- अपर उपायुक्त भगीरथ प्रसाद ने पटमदा के कुमीर पंचायत का निरीक्षण किया।
- निदेशक एनईपी संतोष गर्ग ने बनमाकड़ी पंचायत का जायजा लिया।
- एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र ने चाकुलिया के कुचियाशोल क्षेत्र का निरीक्षण किया।
- उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह पोटका के जुड़ी पंचायत पहुंचीं।
- डीसीएलआर नीत निखिल सुरीन ने डोमजुड़ी पंचायत (बहरागोड़ा) का निरीक्षण किया।
- जिला कल्याण पदाधिकारी शंकराचार्य समद ने बोड़ाम के माधवपुर पंचायत की स्थिति जानी।
- कार्यपालक दण्डाधिकारी चंद्रजीत सिंह ने उत्तर सारजामदा, और अमन कुमार ने मुसाबनी के पूर्वी बादिया का निरीक्षण किया।
- जिला आपूर्ति पदाधिकारी सलमान जफर खिजरी डुमरिया के बड़ाकांजिया पंचायत गए।
- एसओआर राहुल आनंद ने पावड़ा नरसिंहगढ़ पंचायत (धालभूमगढ़) की समीक्षा की।
- जिला पंचायत राज पदाधिकारी रिंकू कुमारी और परिवहन पदाधिकारी धनंजय ने शहरी क्षेत्रों में निरीक्षण किया।
Read also Jamshedpur Illegal Sand Transport : अवैध बालू परिवहन पर सख्ती, दो ट्रैक्टर व एक हाइवा जब्त