लखनऊ : उत्तर प्रदेश में ठंड का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है और तापमान में वृद्धि होने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक, फरवरी के दूसरे हफ्ते में अधिकतम तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। हालांकि, अगले पांच दिनों में कोई खास अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन कुछ स्थानों पर हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है।
प्रदेश के झांसी में अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो कि इस दिन का सबसे अधिक तापमान था। वहीं, अयोध्या में न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अन्य हिस्सों में रात का तापमान सामान्य रहा और कोई खास बदलाव नहीं हुआ।
पूर्वी यूपी में दिन का तापमान बढ़ा, रात का घटा
पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव शुरू हो गया है। यहां हवाओं में ठंडक का असर अब कम होता जा रहा है। रविवार को दिन के तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई। हालांकि, रात में ठंडी हवाओं के कारण सर्दी बनी रही। पहाड़ों से आ रही पछुआ हवाओं के चलते रात का तापमान करीब 1.2 डिग्री सेल्सियस गिर गया। इसके कारण रात का तापमान सामान्य से लगभग 2 डिग्री कम हो गया था, और रात ठंडी रही। बस्ती और बहराइच में सबसे ठंडी रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
एक दो दिन और रह सकता है कोहरा
मौसम विज्ञानी मोहम्मद दानिश के अनुसार, उत्तरी अफगानिस्तान के पास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय था, जिसके कारण कुछ स्थानों पर घना कोहरा बना रहा। आने वाले एक-दो दिन में भी कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। कुल मिलाकर, मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री की वृद्धि का अनुमान है।