Home » गोड्डा में फायरिंग: सच्चिदानंद मिश्रा हत्याकांड की आरोपी की गोली मारकर हत्या

गोड्डा में फायरिंग: सच्चिदानंद मिश्रा हत्याकांड की आरोपी की गोली मारकर हत्या

by Neha Verma
WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Follow Now

महागामा (गोड्डा): महगामा थाना क्षेत्र के वनरचुआ गांव में शनिवार की रात गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। चर्चित सच्चिदानंद मिश्रा उर्फ सच्चो मिश्रा हत्याकांड के आरोपी श्याम झा पर अज्ञात अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया। श्याम झा को जबड़े के नीचे गोली मारी गई, जो गर्दन के पीछे तक छेद करती हुई निकल गई।

घटना के तुरंत बाद घायल श्याम झा को महगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. खालिद अंजुम और उनकी टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

हत्या कांड के दोनों आरोपी भाई जमानत पर बाहर


श्याम झा के साथ-साथ उसका बड़ा भाई कन्हैया झा भी सच्चिदानंद मिश्रा हत्याकांड का अभियुक्त है। दोनों फिलहाल जमानत पर हैं। गोलीकांड की इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। एमजीआर एनटीपीसी रोड से लेकर मोहानी और दिग्घी तक पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।

क्या है मामला: 24 जुलाई 2023 की हत्या


24 जुलाई 2023 को वनरचुआ गांव में भूमि विवाद को लेकर सच्चिदानंद मिश्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी निवेदिता मिश्रा के बयान पर हरिकिशोर झा उर्फ मुन्ना झा सहित सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज हुआ था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

कन्हैया झा का आरोप: यह एक साजिशन हमला था


घायल श्याम झा के बड़े भाई कन्हैया झा ने आरोप लगाया कि यह हमला पूरी तरह साजिश के तहत किया गया। उन्होंने बताया कि वे सभी मंडली में बैठे थे, तभी चर्चित झा, सोनू यादव और चंदन यादव ने उनके भाई को बुलाकर पहले हमला किया और फिर सोनू यादव ने जबड़े के नीचे गोली मार दी। उन्होंने कहा कि हमलावरों के पास डंडा, खंती और डबिया जैसे घातक हथियार भी थे।

उन्होंने बताया कि भागते समय हमलावरों ने एक और गोली चलाई, लेकिन फायर नहीं हो पाया। मौके पर अरुण यादव और सुधीर मंडल भी मौजूद थे जिन्होंने उन्हें बचाने की कोशिश की।

पुलिस की सक्रियता बढ़ी, हर एंगल से जांच शुरू


अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंद्रशेखर आजाद, पुलिस इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार महतो और प्रभारी थानेदार राज गुप्ता सहित भारी संख्या में पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गया है। पुलिस सच्चिदानंद मिश्रा की हत्या को लेकर पहले से चली आ रही रंजिश को इस गोलीकांड से जोड़कर देख रही है और सभी संभावित बिंदुओं पर छानबीन कर रही है।

गांव में पसरा सन्नाटा, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम


घटना के बाद से वनरचुआ गांव और आस-पास के इलाके में भय का माहौल है। ग्रामीण अपने घरों में सिमट गए हैं। पुलिस ने संदिग्ध इलाकों में सघन छापेमारी शुरू कर दी है और गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Related Articles